प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर कड़ा हमला बोलते हुए राज्य में “महाजंगल राज” और घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है।
कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में एसआईआर के दौरान 58 लाख नाम डिलीट किए जाने के मामले पर बड़ा हमला बोला है। शनिवार को नादिया जिले के राणाघाट की रैली को पीएम मोदी ने मोबाइल के जरिए संबोधित किया, क्योंकि खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर लैंड नहीं कर पाया। पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी भाजपा का विरोध करना चाहती है, लेकिन उन्हें लोगों के अधिकारों और सपनों को नुकसान पहुँचाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया, आप मोदी का विरोध कर सकते हैं, लेकिन बंगाल के लोगों को दुखी मत कीजिए। उन्हें उनके अधिकारों से वंचित मत कीजिए। उनके सपनों को तोड़ने का पाप मत कीजिए। मोदी ने यह भी आरोप लगाया कि बंगाल में घुसपैठियों को बचाने की कोशिश की जा रही है और राज्य के विकास में जानबूझकर बाधा डाली जा रही है।
SIR और नाम कटने के बाद बढ़ा राजनीतिक ताप
प्रधानमंत्री मोदी का यह बयान ऐसे समय आया है जब पश्चिम बंगाल में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के दौरान मतदाता सूची से लगभग 58 लाख नाम हटाए जाने को लेकर विवाद जारी है। टीएमसी इस प्रक्रिया का विरोध कर रही है, जबकि भाजपा का आरोप है कि यह विरोध अवैध घुसपैठियों को बचाने के लिए किया जा रहा है। पीएम मोदी ने सीधे तौर पर कहा कि पश्चिम बंगाल में “घुसपैठियों को बचाने की कोशिश हो रही है” और राज्य सरकार इस मुद्दे पर भाजपा का विरोध कर रही है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा, टीएमसी भाजपा का जितना चाहे विरोध करे, पूरी ताकत से करे। मुझे कोई आपत्ति नहीं। लेकिन बंगाल के विकास में रुकावट क्यों डाली जा रही है? आप मोदी का विरोध कर सकते हैं, लेकिन बंगाल के लोगों को दुखी मत कीजिए। उन्हें उनके अधिकारों से वंचित मत कीजिए और उनके सपनों को तोड़ने का पाप मत कीजिए।
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार का ध्यान विकास के बजाय “कट और कमीशन” की राजनीति पर केंद्रित है, जिससे आम जनता को नुकसान हो रहा है।
![]()
घुसपैठ और सुरक्षा का मुद्दा
प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह उन घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रही हैं, “जो पश्चिम बंगाल पर कब्जा करने पर तुले हुए हैं।” उन्होंने दावा किया कि टीएमसी सरकार इसी कारण SIR प्रक्रिया का विरोध कर रही है। भाजपा लंबे समय से यह आरोप लगाती रही है कि अवैध घुसपैठ राज्य की आंतरिक सुरक्षा और जनसांख्यिकी संतुलन के लिए खतरा बन रही है।
प्रधानमंत्री ने हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां जनता ने विकास के लिए एनडीए को प्रचंड बहुमत दिया। उन्होंने कहा,
गंगा बिहार से बंगाल तक बहती है। बिहार ने एनडीए को मौका देकर यह संदेश दिया है कि विकास ही प्राथमिकता है। अब बंगाल की बारी है। पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल की जनता से भाजपा को एक अवसर देने की अपील करते हुए कहा कि देश तेज़ी से विकास चाहता है और बंगाल को भी इस विकास यात्रा का हिस्सा बनना चाहिए।












