बॉलीवुड के चर्चित एक्टर राजपाल यादव का नाम हाल ही में चेक बाउंस मामले में सुर्खियों में रहा। 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद, राजपाल यादव ने दिल्ली तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया।
पटना: 9 करोड़ के चेक बाउंस मामले में सरेंडर कर चुके बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव की मदद के लिए राजद नेता तेज प्रताप यादव ने आर्थिक सहायता का एलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बताया कि वह राजपाल यादव को 11 लाख रुपये देंगे और उन्हें अपना बड़ा भाई तक बताया। तेज प्रताप यादव ने लिखा, “मुझे अभी मेरे बड़े भाई राव इंदरजीत यादव जी की पोस्ट के माध्यम से माननीय राजपाल यादव जी के परिवार की पीड़ा के विषय में जानकारी प्राप्त हुई।
तेज प्रताप यादव ने जताया समर्थन
तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करके इस मदद की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि उन्होंने अपने बड़े भाई राव इंदरजीत यादव की पोस्ट के माध्यम से राजपाल यादव और उनके परिवार की कठिन परिस्थितियों के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में JJD (जन शक्ति जनता दल) परिवार पूरी संवेदना और मजबूती के साथ राजपाल यादव के परिवार के साथ खड़ा है।
तेज प्रताप यादव ने आगे बताया, "मानवीय करुणा और सहयोग की भावना से, मैं और JJD परिवार ₹11,00,000 (ग्यारह लाख रुपये) की आर्थिक सहायता राजपाल यादव के परिवार को प्रदान कर रहे हैं।" उन्होंने राजपाल यादव को अपना बड़ा भाई बताते हुए परिवार की ओर से पूरा समर्थन देने का आश्वासन भी दिया।

राजपाल यादव का तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण
दिल्ली उच्च न्यायालय ने राजपाल यादव को आत्मसमर्पण करने के लिए दी गई समय सीमा बढ़ाने की याचिका को खारिज कर दिया था। न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा ने स्पष्ट किया कि यादव को राहत देने का कोई आधार नहीं है। इसके बाद गुरुवार को शाम 4 बजे राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण किया।
उनके वकील ने अदालत को बताया कि अभिनेता ने 50 लाख रुपये की राशि का इंतजाम कर लिया है और भुगतान के लिए एक और सप्ताह का समय मांगा था। हालांकि, उच्च न्यायालय ने यह समय नहीं बढ़ाया और आत्मसमर्पण अनिवार्य कर दिया गया।
तेज प्रताप यादव ने न केवल आर्थिक मदद की घोषणा की, बल्कि राजपाल यादव के प्रति मौजूदगी और समर्थन की भावना भी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह मदद दान नहीं बल्कि सम्मान और मानवीय करुणा का प्रतीक है। उनके इस कदम से बॉलीवुड इंडस्ट्री और समाज में एक सकारात्मक संदेश गया कि मुश्किल समय में सहयोग और भाईचारा सबसे बड़ी ताकत है।









