राजस्थान पंचायत-निकाय चुनाव: लागु होगा 30 साल पुराने नियम? दो से अधिक संतान पर लगी रोक हटेगी

राजस्थान पंचायत और निकाय चुनाव में 30 साल पुराने नियम में बदलाव पर चर्चा तेज हो गई है। जानें क्या दो से अधिक संतान पर लगी रोक हट सकती है और इसका चुनावी असर
राजस्थान पंचायत-निकाय चुनाव: लागु होगा 30 साल पुराने नियम? दो से अधिक संतान पर लगी रोक हटेगी

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की सरकार पंचायत राज संस्थानों और शहरी निकाय चुनावों से जुड़े नियमों में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है। इसके तहत चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता की अनिवार्यता और दो से अधिक संतान होने पर लगाई गई रोक को हटाया जा सकता है।

जयपुर: राजस्थान की भजन लाल शर्मा सरकार पंचायत राज संस्थानों और शहरी स्थानीय निकाय चुनावों से जुड़े नियमों में बड़े बदलाव पर विचार कर रही है। सरकार दो प्रमुख प्रतिबंधों दो से अधिक संतान वाले उम्मीदवारों पर लगी रोक और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता पर पुनर्विचार कर रही है। इस संबंध में विधि विभाग में प्रक्रिया जारी है और माना जा रहा है कि जल्द ही इस पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।

यदि यह बदलाव लागू होता है तो हजारों संभावित उम्मीदवारों के लिए चुनाव लड़ने का रास्ता खुल जाएगा, जिससे राज्य की स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण परिवर्तन देखने को मिल सकते हैं।

30 साल पुराना ‘दो बच्चों का नियम’ खत्म करने की कवायद

पंचायत और निकाय चुनाव लड़ने के लिए दो से अधिक संतान न होने की अनिवार्यता करीब तीन दशक पुरानी है। यह प्रावधान तत्कालीन मुख्यमंत्री भैरोसिंह शेखावत के कार्यकाल में लागू किया गया था, जिसका उद्देश्य जनसंख्या नियंत्रण को बढ़ावा देना था। हालांकि, समय के साथ इस नियम की आलोचना बढ़ती गई और इसे सामाजिक रूप से भेदभावपूर्ण बताया जाने लगा। 

अब मौजूदा सरकार इस नियम को समाप्त करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। सूत्रों के अनुसार, इस पर अंतिम फैसला आने वाले महीनों में लिया जा सकता है।

राजस्थान पंचायत-निकाय चुनाव: लागु होगा 30 साल पुराने नियम? दो से अधिक संतान पर लगी रोक हटेगी

विधानसभा में उठा मुद्दा, सरकार का औपचारिक जवाब

यह मुद्दा हाल ही में राजस्थान विधानसभा में उठा, जब कांग्रेस विधायक पूसाराम गोदारा ने सरकार से पूछा कि क्या वह नगर निकाय और पंचायत चुनावों के लिए शैक्षणिक योग्यता और संतान से जुड़े प्रावधानों में संशोधन पर विचार कर रही है। सरकार ने अपने जवाब में स्पष्ट किया कि राजस्थान नगरपालिका अधिनियम, 2009 की धारा 21 में उम्मीदवारों की पात्रता तय की गई है, लेकिन इसमें न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता का कोई प्रावधान नहीं है। इसलिए फिलहाल शिक्षा से जुड़े नियमों में बदलाव का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।

हालांकि, सरकार ने यह भी स्वीकार किया कि दो से अधिक संतान वाले उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने की अनुमति देने के लिए राजस्थान नगरपालिका अधिनियम, 2009 की धारा 24 में संशोधन की फाइल विधि विभाग को भेजी जा चुकी है। यह मामला फिलहाल प्रक्रियाधीन है, जिससे साफ है कि सरकार इस दिशा में सक्रिय रूप से काम कर रही है।

पहले भी बदले जा चुके हैं जनसंख्या से जुड़े नियम

राजस्थान में 2002 में एक सख्त कानून लागू किया गया था, जिसके तहत दो से अधिक संतान होने पर सरकारी नौकरी नहीं मिलती थी। अगर किसी सरकारी कर्मचारी के दो से ज्यादा बच्चे होते थे तो उसे पदोन्नति से वंचित किया जा सकता था, और तीन से अधिक बच्चे होने पर अनिवार्य सेवानिवृत्ति का प्रावधान भी था।हालांकि, 2018 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने इन नियमों में ढील दी थी। उन्होंने पदोन्नति पर रोक की अवधि पांच साल से घटाकर तीन साल कर दी और बाद में इन प्रावधानों को पूरी तरह खत्म करने की घोषणा की थी।

ग्रामीण क्षेत्रों और स्थानीय निकायों में लंबे समय से मांग उठ रही थी कि दो से अधिक संतान और शैक्षणिक योग्यता से जुड़े प्रतिबंधों को हटाया जाए। सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं का तर्क था कि ये नियम गरीब और ग्रामीण पृष्ठभूमि के लोगों को चुनावी प्रक्रिया से बाहर कर देते हैं।

Leave a comment