गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर में 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह भव्य और विशेष होगा। इस साल का कार्यक्रम कर्तव्य पथ पर आयोजित 26 जनवरी की परेड का छोटा रूप पेश करेगा।
गुजरात: इस साल 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह कुछ खास होने वाला है। इसे 26 जनवरी की परेड का छोटा रूप कहा जा रहा है। इस कार्यक्रम में बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ सहित अन्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और दिल्ली पुलिस व राज्य पुलिस के मार्चिंग दस्ते हिस्सा लेंगे, जिससे देशभक्ति और एकता का संदेश मजबूत होगा।
सेना और वायु सेना का रोमांचक प्रदर्शन
कार्यक्रम में देश की सशस्त्र सेना और वायु सेना के जवान अपने अद्भुत करतब दिखाएंगे। भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एयरक्राफ्ट टीम शानदार एयर शो प्रस्तुत करेगी। इसके अलावा, डेयरडेविल्स के रोमांचक प्रदर्शन भी समारोह को और भव्य बनाएंगे। BSF के डीजी दलजीत सिंह चौधरी ने बताया कि इस बार परेड में महिला कर्मियों की भागीदारी अधिक होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिए जाने वाले गार्ड ऑफ ऑनर का नेतृत्व भी एक महिला अधिकारी करेंगी। यह कदम महिलाओं की भूमिका और साहस को सम्मान देने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
परेड में CRPF के 5 शौर्य चक्र विजेता और BSF के 16 वीरता पदक विजेता शामिल होंगे। इनमें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पश्चिमी सीमा पर अपनी बहादुरी दिखाने वाले जवान, झारखंड में नक्सल विरोधी अभियानों और जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों में असाधारण साहस दिखाने वाले जवान शामिल हैं। यह परेड केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि देशभक्ति और वीरता का प्रतीक होगी।

खास दस्ते और झांकियां
इस परेड में BSF का भारतीय नस्ल का डॉग दस्ते, गुजरात पुलिस का घुड़सवार दस्ते, असम पुलिस के मोटरसाइकिल डेयरडेविल्स, और BSF का ऊंट दस्ते शामिल होंगे। इन दस्तों में देशी नस्ल के कुत्ते और ऊंट सवार बैंड शामिल होंगे, जो समारोह की शोभा को और बढ़ाएंगे। इसके अलावा विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 10 झांकियां भी परेड का हिस्सा होंगी, जो सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक होंगी।
संस्कृति मंत्रालय के विशेष कार्यक्रम में 900 कलाकार भारतीय शास्त्रीय नृत्य का प्रदर्शन करेंगे। इस सांस्कृतिक प्रस्तुति से समारोह में एक नई भव्यता और राष्ट्रीय गौरव का अनुभव होगा। BSF के डॉग दस्ते में देशी नस्ल वाले रामपुर और मुधोल हाउंड शामिल होंगे, जो करतब दिखाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। इनका नेतृत्व मुधोल हाउंड ‘रिया’ करेंगी, जो अखिल भारतीय पुलिस डॉग प्रतियोगिता में पहले स्थान पर रही हैं।
समारोह की भव्यता में राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के कैडेट और स्कूल बैंड भी योगदान देंगे। उनकी आकर्षक प्रस्तुति कार्यक्रम में ऊर्जा और अनुशासन का संदेश देगी।









