रणजी ट्रॉफी फाइनल 2026: जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक पर बनाई मजबूत पकड़, खिताब की दौड़ में बनी रोमांचक स्थिति

रणजी ट्रॉफी फाइनल 2026: जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक पर बनाई मजबूत पकड़, खिताब की दौड़ में बनी रोमांचक स्थिति

रणजी ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल मुकाबले में पहली बार पहुंची जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम अब इतिहास रचने के बेहद करीब है। हुबली के केएससीए हुबली ग्राउंड में खेले जा रहे इस फाइनल के चौथे दिन तक जम्मू-कश्मीर ने मैच पर मजबूत पकड़ बना ली है।

स्पोर्ट्स न्यूज़: रणजी ट्रॉफी 2026 के फाइनल में इतिहास रचने के कगार पर पहुंची जम्मू-कश्मीर की टीम ने चौथे दिन तक अपने दबदबे का भरोसा कायम रखा है। हुबली के केएससीए ग्राउंड में खेला जा रहा यह फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। पहली पारी में 584 रन बनाकर जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक पर साफ दबाव डाल दिया है।

जम्मू-कश्मीर की बल्लेबाजी में साहिल लोटरा ने 72 रनों की अहम पारी खेली, वहीं युधवीर सिंह चरक ने भी महत्वपूर्ण योगदान देकर टीम को मजबूती प्रदान की। लगभग 180 ओवर तक बल्लेबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक के गेंदबाजों को थका दिया और अपने लिए मजबूत स्थिति तैयार की।

कर्नाटक की शुरुआत बिगड़ी, औकिब नबी ने मारी घातक गेंदबाजी

जवाब में बल्लेबाजी के लिए उतरी कर्नाटक की टीम को तेज गेंदबाज औकिब नबी ने जल्दी ही झटका दिया। उन्होंने केएल राहुल, करुण नायर और स्मरण रविचंद्रन को जल्दी आउट कर कर्नाटक की शुरुआत खराब कर दी। इसके अलावा सुनील कुमार ने देवदत्त पडिक्कल का विकेट लेकर कर्नाटक की मुश्किलें और बढ़ा दी। 

हालांकि कप्तान मंयक अग्रवाल ने शतक जड़कर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन औकिब नबी ने उन्हें 160 रन पर आउट कर दिया। खबर लिखे जाने तक विजय कुमार और प्रसिद्ध कृष्णा टीम को मैच में बनाए रखने की जंग लड़ रहे थे।

चौथे दिन की स्थिति: जम्मू-कश्मीर का पलड़ा भारी

चौथे दिन के पहले सेशन तक कर्नाटक ने 92 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 288 रन बनाए हैं। हालांकि, यह स्कोर भी जम्मू-कश्मीर की पहली पारी से 296 रन पीछे है। इससे साफ है कि फिलहाल मैच का पलड़ा पूरी तरह जम्मू-कश्मीर की ओर झुका हुआ है। जम्मू-कश्मीर की मजबूत स्थिति और कर्नाटक के बल्लेबाजों पर दबाव के चलते टीम की जीत की संभावना बढ़ती नजर आ रही है। हालांकि, अभी भी कर्नाटक के पास पलटवार करने की संभावनाएं मौजूद हैं, लेकिन उन्हें इसके लिए आक्रामक और संगठित बल्लेबाजी की जरूरत होगी।

रणजी ट्रॉफी फाइनल में पहली बार पहुंचे जम्मू-कश्मीर की टीम इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर रही है। टीम ने न केवल बल्लेबाजी में दम दिखाया है, बल्कि गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में भी विपक्षियों को कड़ी टक्कर दी है।

Leave a comment