भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की ODI सीरीज का आगाज अब केवल कुछ ही दिनों में होने वाला है। 19 अक्टूबर से पर्थ में पहला मुकाबला खेला जाएगा और सभी की निगाहें टीम इंडिया के हिटमैन रोहित शर्मा पर टिकी हैं।
स्पोर्ट्स न्यूज़: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 19 अक्टूबर से शुरू होने जा रही है। इस सीरीज में टीम इंडिया के हिटमैन रोहित शर्मा के पास कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने का सुनहरा मौका होगा। हालांकि, उनमें से एक रिकॉर्ड ऐसा है जिसे हासिल करने के लिए उन्हें तीनों मैचों में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को कड़ी चुनौती देनी होगी।
दरअसल, रोहित शर्मा का निशाना भारत के दिग्गज ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बनाए हुए एक बहुत बड़े कीर्तिमान पर है। यह कीर्तिमान बतौर ओपनर सबसे ज्यादा रन बनाने से जुड़ा है। यदि रोहित इस रिकॉर्ड को तोड़ने में सफल होते हैं, तो वे न केवल सहवाग को पीछे छोड़ देंगे बल्कि खुद को भारत के सबसे सफल ओपनरों में शीर्ष स्थान पर स्थापित कर देंगे।
सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ेंगे रोहित
भारत के लिए बतौर ओपनर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग के नाम है। उनके अंतरराष्ट्रीय करियर में 321 मैचों में 15,758 रन दर्ज हैं। वहीं, रोहित शर्मा ने 348 मैचों में 15,584 रन बनाए हैं। इसका मतलब है कि रोहित अब केवल 174 रन दूर हैं इस रिकॉर्ड को तोड़ने से। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी ODI सीरीज में अगर रोहित अपना बल्ला चला पाए और ये 174 रन बना लें, तो वे न सिर्फ सहवाग को पीछे छोड़ देंगे बल्कि भारत के सबसे सफल ओपनरों की सूची में शीर्ष पर अपना नाम दर्ज करा लेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रोहित का शानदार रिकॉर्ड
रोहित शर्मा का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ODI प्रदर्शन हमेशा से शानदार रहा है। उन्होंने कंगारू टीम के खिलाफ कई यादगार पारियां खेली हैं, जिनमें एक दोहरा शतक भी शामिल है। रोहित ने 273 ODI मैचों में 48 से अधिक के औसत से 11,168 रन बनाए हैं। इन रनों में 32 शतक और 58 अर्धशतक शामिल हैं।खासकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने 57.30 के औसत से 2,407 रन बनाये हैं।
इस दौरान 8 शतक और 9 अर्धशतक भी दर्ज किए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि आगामी तीन मैचों की सीरीज रोहित के लिए इतिहास रचने का सुनहरा मौका हो सकती है। यदि रोहित शर्मा आगामी तीन मैचों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हैं और 174 रन जोड़ लेते हैं, तो वे भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ओपनर बन जाएंगे।
भारतीय ओपनरों के सर्वाधिक रन
- वीरेंद्र सहवाग – 15,758 रन
- रोहित शर्मा – 15,584 रन
- सचिन तेंदुलकर – 15,335 रन
- सुनील गावस्कर – 12,258 रन
- शिखर धवन – 10,867 रन
इस सूची में रोहित का नाम यदि सहवाग को पीछे छोड़कर शीर्ष पर आता है, तो यह भारतीय क्रिकेट के लिए भी गर्व की बात होगी।