रेल मंत्रालय ने RRB NTPC UG और Graduate भर्ती के 5165 पदों को मंजूरी दी है। इसमें UG के 3477 और Graduate के 1688 पद शामिल हैं। भर्ती का नोटिफिकेशन जल्द जारी होने की उम्मीद है।
नई दिल्ली: रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए नई भर्ती से जुड़ा अहम अपडेट सामने आया है। RRB NTPC New Vacancy 2026 के तहत UG और Graduate स्तर के कुल 5165 पदों पर भर्ती को रेल मंत्रालय से मंजूरी मिल गई है। रेलवे भर्ती बोर्ड जल्द ही अधिसूचना जारी कर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर सकता है।
RRB NTPC 2026 भर्ती को मिली मंजूरी
![]()
रेल मंत्रालय की मंजूरी के बाद RRB NTPC UG और Graduate स्तर की नई भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। इस भर्ती के तहत कुल 5165 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इनमें UG लेवल के 3477 और Graduate लेवल के 1688 पद शामिल हैं। भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होने के बाद आवेदन की तारीख, परीक्षा कार्यक्रम और अन्य जरूरी शर्तों की विस्तृत जानकारी सामने आएगी।
UG लेवल पर 3477 पदों पर भर्ती
RRB NTPC UG भर्ती के तहत कुल 3477 पद स्वीकृत किए गए हैं। इनमें गुड्स ट्रेन मैनेजर के 2750 पद शामिल हैं। इसके अलावा चीफ कॉमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर (CCTS) के 56, जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट (JJA) के 300 और सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के 371 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
UG लेवल की भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से इंटरमीडिएट यानी 10+2 उत्तीर्ण होना जरूरी होगा। कुछ पदों के लिए हिंदी या अंग्रेजी टाइपिंग की जानकारी भी आवश्यक होगी।
Graduate लेवल के 1688 पद
Graduate लेवल पर कुल 1688 पदों को मंजूरी मिली है। इनमें ट्रेन क्लर्क के 188, कमर्शियल कम टिकट क्लर्क (CCTC) के 700, अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट के 200 और जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के 600 पद शामिल हैं।
Graduate लेवल के पदों के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। कुछ पदों के लिए कंप्यूटर प्रोफिशिएंसी या टाइपिंग का ज्ञान भी जरूरी हो सकता है।
आयु सीमा और आवेदन से जुड़ी जानकारी
UG और Graduate दोनों स्तर की भर्ती में उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। अधिकतम आयु सीमा 33 वर्ष तक बताई गई है, हालांकि पद के अनुसार इसमें अंतर हो सकता है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
अभी भर्ती की आवेदन तिथि और अन्य विस्तृत शर्तों की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। RRB की ओर से नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही पात्रता, आयु सीमा, आवेदन शुल्क, परीक्षा पैटर्न और चयन प्रक्रिया की अंतिम जानकारी स्पष्ट होगी। उम्मीदवारों को सलाह है कि भर्ती से संबंधित आधिकारिक अपडेट के लिए RRB की वेबसाइट rrb.indianrailways.gov.in पर नजर बनाए रखें।








