Sarke Chunar Controversy: ‘सरके चुनर’ विवाद पर नोरा फतेही का बड़ा दावा, बोलीं- गाने को मंजूरी नहीं दी थी

‘सरके चुनर’ विवाद पर नोरा फतेही ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि उन्होंने इस गाने को मंजूरी नहीं दी थी। उनके बयान के बाद गाने को लेकर विवाद एक बार फिर चर्चा में है।

नोरा फतेही के गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर हुए विवाद पर अभिनेत्री ने खुलकर अपनी बात रखी है। नोरा का कहना है कि उन्हें पहले से अंदाजा था कि गाने को लेकर विरोध और आलोचना हो सकती है।

एंटरटेनमेंट न्यूज़: अभिनेत्री और डांसर नोरा फतेही ने फिल्म केडी-द डेविल के गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर हुए विवाद पर अब खुलकर अपनी बात रखी है। गाने के रिलीज से पहले ही सोशल मीडिया पर इसके कुछ हिस्सों और कथित विजुअल्स को लेकर बहस छिड़ गई थी। विवाद बढ़ने के बाद नोरा ने अपने एक वीडियो संदेश में गाने के हिंदी वर्जन से खुद को अलग किया था। अब एक पॉडकास्ट बातचीत में अभिनेत्री ने इस पूरे मामले को लेकर चौंकाने वाले दावे किए हैं।

नोरा ने दावा किया कि उन्हें पहले से अंदाजा था कि इस गाने को लेकर विवाद हो सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को कथित तौर पर गाने के खिलाफ माहौल बनाने और लोगों का गुस्सा भड़काने के लिए भुगतान किया गया था। हालांकि, इन दावों पर संबंधित पक्षों की ओर से किसी स्वतंत्र पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है।

नोरा ने कहा- मैंने हिंदी गाने को मंजूरी नहीं दी

नोरा फतेही ने Dream With Dr. Sheen पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान गाने से जुड़े विवाद पर अपना पक्ष रखा। अभिनेत्री के मुताबिक, उन्होंने उस हिंदी वर्जन को मंजूरी नहीं दी था, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हुआ। नोरा ने दावा किया कि उन्हें इस पूरे घटनाक्रम के पीछे कथित तौर पर काम कर रहे लोगों और सोशल मीडिया गतिविधियों की जानकारी थी। 

उन्होंने कहा कि वह इस स्थिति से घबराई नहीं थीं, क्योंकि उन्हें पहले से लग रहा था कि उनके खिलाफ माहौल बनाया जा सकता है। अभिनेत्री के अनुसार, विवाद अचानक तेजी से बढ़ा और सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की बातें सामने आने लगीं।

‘कुछ इन्फ्लुएंसर्स को पैसे दिए गए थे’

नोरा ने बातचीत के दौरान आरोप लगाया कि कुछ इन्फ्लुएंसर्स को कथित तौर पर गाने के खिलाफ प्रतिक्रिया तैयार करने के लिए पैसे दिए गए थे। उनका दावा है कि विवाद को बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया की ताकत का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, अभिनेत्री ने जिन लोगों या संस्थाओं पर यह आरोप लगाया, उनके नाम सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं किए। ऐसे में इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

नोरा का कहना है कि विवाद के दौरान उन्होंने इसलिए वीडियो जारी किया क्योंकि उन्हें लगा कि उनकी चुप्पी को लोग अलग तरीके से समझ सकते हैं। वह चाहती थीं कि गाने को लेकर उनकी वास्तविक स्थिति लोगों के सामने स्पष्ट हो।

‘मुझे नहीं पता हिंदी वर्जन कहां से आया’

नोरा ने अपने पुराने वीडियो संदेश का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने स्पष्ट रूप से बताया था कि उन्हें हिंदी वर्जन के बारे में जानकारी नहीं थी। उनके मुताबिक, उन्होंने जिस गाने की शूटिंग की थी, वह हिंदी में नहीं था। अभिनेत्री ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर सामने आई सामग्री पूरी तरह रिलीज नहीं हुई थी। उनके मुताबिक, लोगों के बीच कुछ क्लिप और एआई से तैयार तस्वीरें भी प्रसारित हुई थीं, जिसके आधार पर चर्चाएं तेज हो गईं।

नोरा ने कहा कि वह अपनी बात सीधे और स्पष्ट तरीके से रखने में विश्वास करती हैं। इसके बावजूद कुछ लोगों ने उनके स्पष्टीकरण पर सवाल उठाए और उन पर सच छिपाने के आरोप लगाए।

तीन साल पहले कन्नड़ भाषा में किया था गाने का शूट

नोरा फतेही ने पहले जारी किए गए अपने विस्तृत वीडियो संदेश में बताया था कि उन्होंने इस गाने की शूटिंग करीब तीन साल पहले कन्नड़ भाषा में की थी। उस समय उन्हें नहीं पता था कि आगे चलकर गाने को किस तरह बदला या अलग भाषा में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया था कि उन्हें यह प्रोजेक्ट इसलिए भी आकर्षक लगा क्योंकि यह एक बड़ी फिल्म का हिस्सा था और इसमें अभिनेता संजय दत्त के साथ काम करने का अवसर मिल रहा था।

नोरा के मुताबिक, उन्हें उस समय लगा था कि यह लोकप्रिय गाने ‘नायक नहीं खलनायक हूं मैं’ से जुड़ा रीमेक या नया संस्करण हो सकता है। इसी समझ के आधार पर उन्होंने प्रोजेक्ट के लिए हामी भरी थी।

‘सरके चुनर’ को लेकर क्यों हुआ विवाद?

केडी-द डेविल से जुड़े ‘सरके चुनर तेरी सरके’ गाने के कुछ हिस्सों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर काफी प्रतिक्रिया देखने को मिली थी। गाने पर कथित तौर पर आपत्तिजनक बोल और अश्लीलता को लेकर सवाल उठाए गए थे। इसके खिलाफ शिकायत किए जाने की बात भी सामने आई थी।विवाद के बीच नोरा ने गाने के हिंदी संस्करण को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की और कहा कि जिस सामग्री को लेकर बहस हो रही थी, उसके निर्माण और प्रस्तुति के बारे में उन्हें पूरी जानकारी नहीं थी।

Leave a comment