स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने रिवॉर्ड पॉइंट्स के नाम पर फैल रहे नए साइबर फ्रॉड को लेकर अलर्ट जारी किया है। फर्जी SMS और WhatsApp लिंक के जरिए ठग बैंक डिटेल्स हासिल कर अकाउंट खाली कर रहे हैं। SBI ने ऐसे मैसेज पहचानने और फ्रॉड होने पर तुरंत कार्रवाई की सलाह दी है।
Cyber Crime Alert: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने देशभर के ग्राहकों को रिवॉर्ड पॉइंट्स से जुड़े फर्जी मैसेज को लेकर सतर्क किया है। बैंक के अनुसार, ठग SMS और WhatsApp के जरिए एक्सपायर हो रहे रिवॉर्ड पॉइंट्स का झांसा देकर लिंक भेज रहे हैं। इस लिंक पर क्लिक करते ही यूजर से डेबिट कार्ड या बैंकिंग डिटेल्स मांगी जाती हैं, जिससे अकाउंट खाली हो सकता है। SBI ने बताया कि यह चेतावनी ग्राहकों की बढ़ती शिकायतों के बाद जारी की गई है, ताकि समय रहते लोग सतर्क होकर नुकसान से बच सकें।
रिवॉर्ड पॉइंट्स के नाम पर नया जाल
SBI के अनुसार, ठग SMS या WhatsApp पर ऐसे मैसेज भेज रहे हैं जिनमें लिखा होता है कि आपके रिवॉर्ड पॉइंट्स जल्द एक्सपायर होने वाले हैं। मैसेज में एक लिंक दिया जाता है, जिस पर तुरंत क्लिक करने के लिए कहा जाता है।
जैसे ही यूजर लिंक पर क्लिक करता है, उससे डेबिट कार्ड की डिटेल्स या अन्य बैंकिंग जानकारी मांगी जाती है। जानकारी डालते ही अकाउंट से पैसे निकल सकते हैं और पीड़ित को इसका अंदाजा भी नहीं लगता।
![]()
ऐसे पहचानें फर्जी मैसेज
SBI ने बताया कि फर्जी मैसेज में अक्सर गलत स्पेलिंग, अजीब भाषा या जल्दबाजी दिखाने वाले शब्द होते हैं। बैंक कभी भी मैसेज या कॉल पर OTP, CVV, UPI पिन या कार्ड डिटेल्स नहीं मांगता।
इसके अलावा, बैंक की ओर से आने वाली असली कॉल आमतौर पर 1600 सीरीज के नंबर से होती है। किसी अन्य नंबर से आए कॉल या संदिग्ध लिंक पर भरोसा न करें।
फ्रॉड हो जाए तो तुरंत क्या करें
अगर किसी के साथ साइबर फ्रॉड हो जाता है, तो बिना देर किए 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें। इसके साथ ही cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराना भी जरूरी है।
SBI ने साफ किया है कि समय पर शिकायत करने से नुकसान की भरपाई की संभावना बढ़ जाती है। अनजान लिंक पर क्लिक करने और किसी के साथ बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचना ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।









