सीएम योगी ने आगरा में अटल पुरम टाउनशिप का किया शुभारंभ, बनेंगे 1430 आवास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में 340 एकड़ में फैली अटल पुरम टाउनशिप की शुरुआत की। यह ADA की सबसे बड़ी योजना है जिसमें 1430 आवास और आधुनिक सुविधाएं होंगी।

आगरा को एक आधुनिक और योजनाबद्ध आवासीय परियोजना का तोहफा देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ‘अटल पुरम टाउनशिप’ का शुभारंभ किया। यह टाउनशिप 340 एकड़ क्षेत्रफल में फैली हुई है और आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) की अब तक की सबसे बड़ी आवासीय योजना मानी जा रही है। इसमें 1430 आवासीय भूखंड, 18 ग्रुप हाउसिंग प्लॉट और 96 व्यावसायिक भूखंड शामिल हैं। लोकार्पण कार्यक्रम मंडलायुक्त सभागार में आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को शहर के भविष्य का आधार बताया।

यह टाउनशिप आगरा इनर रिंग रोड, दक्षिणी बाईपास और ग्वालियर रोड के त्रिकोणीय संगम पर विकसित की जा रही है, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और उपयोगिता में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना न केवल आवासीय जरूरतों को पूरा करेगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास और शहर की छवि को भी नया स्वरूप देगी।

किसानों से सहमति से अधिग्रहण

सीएम योगी ने आगरा में अटल पुरम टाउनशिप का किया शुभारंभ, बनेंगे 1430 आवास

अटल पुरम योजना की सबसे खास बात यह है कि इसमें भूमि अधिग्रहण पारंपरिक तरीके से नहीं किया गया, बल्कि किसानों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन खरीदी गई है। किसानों को उनकी जमीन के बदले सर्किल रेट से चार गुना अधिक मुआवजा देकर करीब 784 करोड़ रुपये की लागत से भूमि प्राप्त की गई। इसे राज्य सरकार की किसान-हितैषी सोच और पारदर्शी विकास नीति का उदाहरण माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह मॉडल भविष्य की परियोजनाओं के लिए आदर्श बन सकता है।

तीन चरणों में होगा विकास

सीएम योगी ने आगरा में अटल पुरम टाउनशिप का किया शुभारंभ, बनेंगे 1430 आवास

इस मेगा परियोजना को तीन चरणों और 11 सेक्टरों में विकसित किया जाएगा। टाउनशिप में भूमिगत यूटिलिटी सिस्टम, सीवरेज नेटवर्क, जल शोधन संयंत्र (WTP), चौड़ी सड़कों और हरित क्षेत्रों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे यह एक स्मार्ट और पर्यावरण-संवेदनशील परियोजना के रूप में उभरेगी।

इसके साथ ही, सुरक्षा और जनसुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा गया है। टाउनशिप में एक पुलिस चौकी, फायर स्टेशन और एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का कन्वेंशन सेंटर भी प्रस्तावित है। योजना के दूसरे चरण में स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगभग 731 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अटल पुरम को ‘भविष्य के न्यू आगरा की नींव’ बताते हुए इसे शहर के समग्र और संतुलित विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम करार दिया है।

Leave a comment