सीकर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, जयपुर में इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम

सीकर के रीको इंडस्ट्रियल एरिया में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। जयपुर में इलाज के दौरान मौत, CCTV फुटेज से जांच जारी।
सीकर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, जयपुर में इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम

6 फरवरी को हुए बाइक हादसे में 20 साल के आदित्य नायक की मौत हो गई। वह परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।

Sikar: सीकर शहर के रीको इंडस्ट्रियल एरिया में 6 फरवरी की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। शाम करीब साढ़े सात बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में बसंत विहार निवासी आदित्य नायक गंभीर रूप से घायल हो गया। आदित्य एक बाइक पर अपनी परिचित युवती के साथ इंडस्ट्रियल एरिया की ओर जा रहा था।

इसी दौरान सामने से तेज गति में आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आदित्य उछलकर काफी दूर सड़क पर जा गिरा। उसके साथ बैठी युवती और दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक भी सड़क पर गिर पड़े।

घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। आदित्य की हालत सबसे ज्यादा गंभीर थी। उसे पहले सीकर के एसके हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया।

सीकर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, जयपुर में इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम

परिजन आदित्य को जयपुर के निम्स हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहां उसका इलाज शुरू किया गया, लेकिन सिर और शरीर में गंभीर चोटों के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। आखिरकार 7 फरवरी की दोपहर करीब 2 बजे इलाज के दौरान आदित्य नायक ने दम तोड़ दिया। हादसे में आदित्य के साथ बाइक पर बैठी युवती को मामूली चोटें आई हैं, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए थे।

घर का इकलौता कमाने वाला था आदित्य

मृतक आदित्य नायक (20) के परिवार की स्थिति पहले से ही कमजोर थी। उसके पिता की दो साल पहले साइलेंट हार्ट अटैक से मौत हो चुकी थी। घर में अब उसकी मां, एक छोटा भाई और एक बहन हैं। भाई-बहन दोनों अभी स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं।

आदित्य ही पूरे परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था और वही घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।

सीसीटीवी फुटेज आया सामने

इस हादसे से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि सामने से आ रही बाइक पर दो युवक सवार थे। जैसे ही दोनों बाइक पास आती हैं, अचानक टक्कर हो जाती है और चारों लोग सड़क पर गिर जाते हैं। उद्योग नगर थाना पुलिस के एएसआई संत कुमार ने जानकारी दी कि हादसे में गंभीर रूप से घायल आदित्य नायक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

पोस्टमॉर्टम के बाद 8 फरवरी को शव परिजनों को सुपुर्द किया गया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य सबूतों के आधार पर हादसे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि टक्कर किसकी लापरवाही से हुई।

Leave a comment