दिसंबर 2009 में रियलिटी शो डांस इंडिया डांस 2 से पहचान बनाने वाली शक्ति मोहन आज इंडस्ट्री का बड़ा नाम बन चुकी हैं। अपने दमदार डांस और बेहतरीन कोरियोग्राफी के दम पर उन्होंने कई रियलिटी शोज और प्रोजेक्ट्स में खास पहचान बनाई है।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: मशहूर डांसर और कोरियोग्राफर Shakti Mohan ने हाल ही में अपने निजी जीवन और रिश्तों को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने बताया कि कैसे एक रिश्ते में मिले धोखे ने उनकी सोच को पूरी तरह बदल दिया और क्यों उन्होंने अब तक शादी नहीं करने का फैसला लिया है। रियलिटी शो Dance India Dance Season 2 से पहचान बनाने वाली शक्ति मोहन आज इंडस्ट्री का एक बड़ा नाम बन चुकी हैं।
वह कई टीवी शोज में नजर आ चुकी हैं और बतौर कोरियोग्राफर भी अपनी खास पहचान बना चुकी हैं। हालांकि, अपने प्रोफेशनल करियर में सफलता के बावजूद उनका निजी जीवन कई उतार-चढ़ाव से गुजरा है।
शादी को लेकर क्या है सोच?
हाल ही में Siddharth Kannan के साथ बातचीत में शक्ति मोहन ने बताया कि समाज अक्सर यह मानकर चलता है कि हर व्यक्ति को जीवन में एक साथी की जरूरत होती है। लेकिन वह इस सोच से पूरी तरह सहमत नहीं हैं। उन्होंने कहा, “लोग मुझसे बार-बार शादी के बारे में पूछते हैं। मेरे माता-पिता भी चाहते हैं कि मैं किसी के साथ रहूं। लेकिन मुझे अपने काम और अपने डांस स्टूडियो में इतना आनंद आता है कि मुझे किसी कमी का एहसास नहीं होता।
शक्ति ने साफ किया कि वह शादी के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन वह केवल तभी इस बारे में सोचेंगी जब उन्हें सही साथी मिलेगा। उन्होंने कहा, “अगर कोई अच्छा इंसान मेरी जिंदगी में आता है तो मैं शादी से इनकार नहीं करूंगी, लेकिन जब ऐसा कोई है ही नहीं, तो सिर्फ समाज के दबाव में मैं शादी क्यों करूं?

मातृत्व को लेकर भी अलग नजरिया
शक्ति मोहन ने बच्चों को लेकर भी अपनी स्पष्ट राय रखी। उन्होंने कहा कि उनके अंदर मातृत्व की भावना नहीं है। हालांकि, वह अपने भतीजे के बेहद करीब हैं और उसे बहुत प्यार करती हैं, लेकिन उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वह खुद के बच्चे नहीं चाहतीं। उनका यह बयान आधुनिक सोच और व्यक्तिगत स्वतंत्रता को दर्शाता है, जहां महिलाएं अपने जीवन के फैसले खुद लेना चाहती हैं।
शक्ति मोहन ने अपने पिछले रिश्ते के बारे में भी खुलासा किया, जिसने उनके जीवन पर गहरा असर डाला। उन्होंने बताया कि वह तीन साल तक एक रिश्ते में थीं, लेकिन उन्हें अपने पार्टनर से धोखा मिला। उन्होंने कहा, “मैंने अपने पार्टनर को धोखा देते हुए रंगे हाथों पकड़ा। जब मैंने उससे सवाल किया, तो उसने सब कुछ मानने से इनकार कर दिया। बाद में मुझे और भी कई बातें पता चलीं, लेकिन उसने सच्चाई स्वीकार नहीं की।
इस घटना ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि उनकी मां ने उन्हें इस रिश्ते को बचाने की सलाह दी, यह कहते हुए कि “लड़के ऐसे ही होते हैं,” लेकिन शक्ति ने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया।
‘अगर ऐसा है, तो मुझे कोई लड़का नहीं चाहिए’
शक्ति ने कहा कि धोखे को स्वीकार करना उनके लिए संभव नहीं था। उन्होंने अपनी मां से साफ कहा कि अगर रिश्तों में ऐसा व्यवहार सामान्य माना जाता है, तो उन्हें अपने जीवन में किसी साथी की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी साझा किया कि इस अनुभव के बाद उन्हें लंबे समय तक भावनात्मक रूप से संघर्ष करना पड़ा और वह महीनों तक रोती रहीं। इस घटना ने उनके भीतर भरोसे को गहराई से प्रभावित किया।








