50 यात्रियों से भरी स्लीपर बस वैष्णो देवी से लौट रही थी और खाटूश्यामजी जा रही थी। तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी, जिससे बस का केबिन दब गया और यात्री सीटों पर कांच व मेटल के टुकड़े घुस गए। 6 घायलों की हालत अभी भी गंभीर है। मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने खिड़कियां तोड़कर घायलों को बाहर निकाला।
Rajasthan: सीकर जिले के फतेहपुर इलाके में मंगलवार देर रात ऐसा हादसा हुआ जिसे देखकर लोग सहम गए। रात लगभग 10:40 बजे जयपुर-बीकानेर नेशनल हाईवे पर स्लीपर बस और ट्रक की जोरदार आमने-सामने भिड़ंत हुई। तेज टक्कर के बाद दोनों वाहन तितर-बितर हो गए और बस का पूरा आगे का हिस्सा मलबे में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर की आवाज धमाके जैसी थी, जिसे दूर तक सुना गया।
बस बीकानेर की तरफ से जयपुर जा रही थी, जबकि ट्रक झुंझुनूं की ओर से आ रहा था। अचानक अनियंत्रित हुए ट्रक ने सीधे बस के केबिन में घुसते हुए पूरा हिस्सा कुचल दिया। हादसे में बस के आगे बैठे यात्री सबसे ज्यादा घायल हुए।
हादसे में 4 की मौत
इस हादसे में बस यात्री मयंक और ड्राइवर कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई। एक मृतक की पहचान फिलहाल उजागर नहीं हो सकी है। गंभीर रूप से घायल बस कंडक्टर मितेश को सीकर से जयपुर रेफर किया गया, जहां बुधवार सुबह उसकी भी मौत हो गई। इस तरह मरने वालों की संख्या 4 पहुंच गई है।
दुर्घटना में 28 लोग घायल हुए, जिनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। कई यात्रियों के हाथ, पैर, सिर और चेहरे में कांच व लोहे के तीखे टुकड़े गहरे तक धंस गए। डॉक्टरों के अनुसार कई घाव इतने गहरे थे कि सर्जरी करनी पड़ी।
15 गंभीर घायलों को सीकर एसके हॉस्पिटल रेफर किया गया था। इनमें अनंत, तुषार पुत्र अर्जुन, राजेश पुत्र ओमप्रकाश, प्रवीण पुत्र बाबू भाई, रंजना पत्नी सुरेश भाई, मुक्ता बेन, आशीष पुत्र रामलाल, निलेश पुत्र अमित, सुहानी पुत्री अमित, कर्मल बेन, जमवंत पुत्र उदाराम, सुदा बेन पुत्री उत्तम, अर्जुन पुत्र उकल भाई, अमित पुत्र रमन लाल और शीला बेन शामिल हैं। 13 हल्के घायलों का इलाज फतेहपुर के अस्पताल में किया जा रहा है।
बस में सवार थे 50 यात्री
बस में सवार सभी यात्री वलसाड (गुजरात) के रहने वाले थे। पूरी टीम वैष्णो देवी दर्शन से लौट रही थी और खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए आगे बढ़ रही थी। अधिकतर यात्री परिवार के साथ सफर कर रहे थे।
रात का समय होने और हाईवे पर कम ट्रैफिक होने के कारण बस सामान्य गति से चल रही थी, लेकिन सामने से आ रहा ट्रक तेज रफ्तार में था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक ने सड़क का संतुलन खो दिया और सीधे बस पर चढ़ गया। यह सब कुछ कुछ सेकंड में हो गया और किसी को बचने का मौका नहीं मिला।
स्थानीय लोग और एंबुलेंस टीम ने मिलकर बचाई यात्रियों की जान
हादसे के बाद हाईवे पर हड़कंप मच गया। एंबुलेंस ड्राइवर ने मौके पर पहुंचकर तुरंत अतिरिक्त 108 एंबुलेंस बुला लीं। स्थानीय लोगों ने कांच और खिड़कियां तोड़कर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। पुलिस ने रातभर राहत कार्य चलाया और सड़क का सामान हटवाया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच सीसीटीवी और वाहन की तकनीकी जांच से की जा रही है।











