कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी के इंजीनियर्स ने ऐसी स्मार्ट टाइल्स विकसित की हैं, जो तापमान के अनुसार अपने आप खुलती-बंद होती हैं। टेस्टिंग में तकनीक ने कूलिंग लागत 3.1 गुना और हीटिंग लागत 2.6 गुना तक घटाई।
Smart Tiles: कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी के इंजीनियर्स ने ऐसी रूफटॉप टाइल्स तैयार की हैं, जो बिना बिजली, सेंसर या मोटर के तापमान के हिसाब से काम करती हैं। इनमें मौजूद मोम गर्म होने पर टाइल्स को खोल देता है, जिससे सतह सूर्य की गर्मी को बाहर रिफ्लेक्ट कर देती है और इमारत को ठंडा रखने में मदद मिलती है।
मोम के तापमान बदलने से काम करती हैं Smart Tiles
इन स्मार्ट टाइल्स में वैक्स मोटर का इस्तेमाल किया गया है। मोम एक Phase-Change Material है, जो गर्म होने पर फैलता और ठंडा होने पर सिकुड़ता है। तय तापमान तक पहुंचने पर मोम पिघलता है और पिस्टन को धक्का देता है, जिससे टाइल्स के स्लैट्स खुल जाते हैं।
![]()
तापमान कम होने पर मोम फिर सिकुड़ता है और स्लैट्स अपने आप बंद हो जाते हैं। इस पूरी प्रक्रिया के लिए अलग से बिजली, बैटरी, वायरिंग या इलेक्ट्रॉनिक सेंसर की जरूरत नहीं पड़ती।
मौसम के हिसाब से बदलती है टाइल्स की सतह
इन टाइल्स को छत पर कतारों में लगाया जा सकता है। इनके ऊपर छोटे-छोटे स्लैट्स लगे होते हैं। टाइल्स की ऊपरी सतह काली और निचली सतह सफेद रखी गई है।
ठंडे मौसम में टाइल्स बंद रहती हैं। इस दौरान काली सतह सूर्य की गर्मी को सोखती है। वहीं, तापमान बढ़ने पर स्लैट्स खुल जाते हैं और सफेद सतह सूर्य की गर्मी को वापस आसमान की ओर रिफ्लेक्ट करती है।
इस तरह सिस्टम मौसम के अनुसार घर की छत तक पहुंचने वाली गर्मी को नियंत्रित करता है और AC पर पड़ने वाले कूलिंग लोड को कम करने में मदद कर सकता है।
टेस्टिंग में कूलिंग लागत 3.1 गुना तक घटी
कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी की छत पर किए गए परीक्षण में इन टाइल्स के इस्तेमाल से सामान्य टाइल्स की तुलना में कूलिंग लागत में 3.1 गुना तक कमी देखी गई। वहीं, हीटिंग लागत में 2.6 गुना तक कमी दर्ज की गई।
यह तकनीक अमेरिका जैसे देशों में खास तौर पर उपयोगी हो सकती है, जहां कमर्शियल इमारतों की कुल बिजली खपत का करीब 14% हिस्सा कूलिंग में खर्च होता है। कूलिंग की जरूरत कम होने से बिजली की खपत और पावर ग्रिड पर दबाव घटाने में मदद मिल सकती है।
अभी टेस्टिंग फेज में है तकनीक
फिलहाल इन स्मार्ट टाइल्स की करीब 4 इंच आकार की टाइल पर टेस्टिंग की जा रही है। इंजीनियर्स इसे बारिश, बर्फबारी और तेज धूप जैसी अलग-अलग परिस्थितियों में परख रहे हैं।
व्यावसायिक स्तर पर इस्तेमाल से पहले तकनीक की मजबूती और अलग-अलग मौसम में इसकी क्षमता की जांच की जाएगी। इसके बाद ही बड़े पैमाने पर इन टाइल्स के निर्माण और इस्तेमाल की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।









