भारतीय स्मार्टफोन बाजार ने सितंबर 2025 में खत्म हुई तिमाही में पांच सालों का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। IDC की रिपोर्ट के मुताबिक, वीवो ने सबसे ज्यादा शिपमेंट कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि ऐप्पल ने पहली बार एक तिमाही में 50 लाख से ज्यादा iPhone शिप करके नया रिकॉर्ड बनाया।
Smartphone Market: सितंबर 2025 में समाप्त हुई तिमाही में भारतीय स्मार्टफोन बाजार ने जबरदस्त उछाल दर्ज किया। IDC की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, इस तिमाही में बाजार 4.3 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ पांच साल में सबसे बेहतर स्थिति में पहुंचा। इस दौरान वीवो ने 18.3 प्रतिशत मार्केट शेयर के साथ सबसे ज्यादा शिपमेंट किए, जबकि ऐप्पल ने पहली बार 50 लाख iPhone भेजे। रिपोर्ट बताती है कि यह ग्रोथ भारत में महंगे और प्रीमियम स्मार्टफोन्स की बढ़ती मांग के चलते संभव हुई है।
वीवो ने मारी बाजी
जून से सितंबर 2025 के बीच हुए शिपमेंट में वीवो ने सबसे ज्यादा डिवाइस भेजकर बाजार में बढ़त बनाई। इसके बाद ओप्पो 13.9 प्रतिशत, सैमसंग 12.6 प्रतिशत, ऐप्पल 10.4 प्रतिशत और रियलमी 9.8 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ आगे रहे। शाओमी, जो कभी बाजार की सबसे बड़ी खिलाड़ी थी, अब 9.2 प्रतिशत शेयर के साथ छठे स्थान पर पहुंच गई है।
वीवो की मजबूत ग्रोथ का कारण इसके मिड-रेंज फोन की लोकप्रियता और ऑनलाइन-ऑफलाइन चैनलों में आक्रामक प्रमोशन रहा। वहीं ऐप्पल की वृद्धि ने दिखाया कि भारत में प्रीमियम सेगमेंट की मांग तेजी से बढ़ रही है।

महंगे फोन की बढ़ी डिमांड
IDC रिपोर्ट बताती है कि 53,000 रुपये से ऊपर वाले प्रीमियम स्मार्टफोन की बिक्री 43.3 प्रतिशत बढ़ी है। इस सेगमेंट का मार्केट शेयर 4 से बढ़कर 6 प्रतिशत हो गया है। उपभोक्ता अब बेहतर परफॉर्मेंस और लंबे सपोर्ट वाले महंगे डिवाइस खरीदना पसंद कर रहे हैं।
ऐप्पल ने इस सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत की है। iPhone 15 और iPhone 16 सीरीज़ की मांग ने इसे भारत में नई ऊंचाई पर पहुंचाया। कंपनी अब 66 प्रतिशत मार्केट शेयर के साथ प्रीमियम कैटेगरी की सबसे बड़ी खिलाड़ी है, जबकि सैमसंग 31 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ दूसरे स्थान पर है।
सुपर-प्रीमियम फोन में रिकॉर्ड तोड़ ग्रोथ
71,000 रुपये से ज्यादा कीमत वाले सुपर-प्रीमियम स्मार्टफोन सेगमेंट में 52.9 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की गई है। यह उछाल भारत में उपभोक्ताओं की बदलती पसंद और बढ़ती क्रय क्षमता को दर्शाता है। इस कैटेगरी में ऐप्पल की बादशाहत और मजबूत हुई है, जबकि सैमसंग ने अपने Galaxy Fold और Ultra सीरीज़ के जरिए प्रतिस्पर्धा बनाए रखी है।
उद्योग विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले त्योहारों के सीजन में यह ग्रोथ और तेज हो सकती है।











