इस्लामाबाद हमले पर शहबाज का भारत विरोधी बयान, MEA ने दिया करारा जवाब

इस्लामाबाद हमले पर शहबाज का भारत विरोधी बयान, MEA ने दिया करारा जवाब

दिल्ली ब्लास्ट से ध्यान भटकाने के लिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस्लामाबाद हमले का आरोप भारत पर लगाया। भारत ने इसे मनगढ़ंत करार दिया और कहा कि पाकिस्तान अपनी आंतरिक अस्थिरता छिपाने की कोशिश कर रहा है।

Pakistan: दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार को हुए भीषण ब्लास्ट से दुनिया का ध्यान भटकाने के लिए पाकिस्तान ने एक और नई चाल चली है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मंगलवार को इस्लामाबाद में हुए आतंकी हमले का आरोप भारत पर मढ़ने का प्रयास किया। भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने इसे पाकिस्तान की सोची-समझी और पूर्वनियोजित चाल करार देते हुए कहा कि पाकिस्तान झूठे और निराधार आरोपों के जरिए ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहा है। भारत ने इन आरोपों को झूठा और मनगढ़ंत बताया है।

पाकिस्तान का झूठा आरोप

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अपने एक्स पोस्ट में इस्लामाबाद हमले के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर लिखा कि भारत-प्रायोजित फित्ना अल-ख़ावारिज़ और फित्ना अल-हिंदुस्तान द्वारा इस्लामाबाद जी-11 कचेहरी पर हमला किया गया। उन्होंने इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि हमले में शहीद हुए व्यक्तियों को उच्च दर्जा मिले और उनके परिवारों को सब्र मिले। साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश दिए गए।

पोस्ट में आगे लिखा गया कि प्रधानमंत्री ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और अपराधियों को न्याय के कठघरे में लाने की बात कही है। इसमें यह भी दावा किया गया कि भारतीय भड़कावे के तहत अफगानिस्तान से संचालित फित्ना अल-ख़ावारिज़ ने इस समय वाना में मासूम बच्चों पर हमला किया। उन्होंने कहा कि अब दुनिया को भारत की इन साजिशों की निंदा करने का समय आ गया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने दोनों हमलों को क्षेत्र में भारतीय राज्य आतंकवाद का उदाहरण बताया।

शहबाज शरीफ ने यह भी कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद के खतरे के उन्मूलन तक फित्ना अल-हिंदुस्तान और फित्ना अल-ख़ावारिज़ के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगा।

भारत ने बताई पाकिस्तान की ‘ना’पाक’ चाल

पाकिस्तान के इन झूठे आरोपों पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने कहा कि भारत पाकिस्तानी नेतृत्व द्वारा लगाए गए सभी निराधार आरोपों को सिरे से खारिज करता है। उन्होंने कहा कि यह पाकिस्तान की पूर्वानुमानित चाल है जो वह हर बार भारत के खिलाफ अपनाता है।

जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान अपने नागरिकों का ध्यान देश के भीतर चल रही सैन्य-प्रेरित संवैधानिक तोड़फोड़ और सत्ता हथियाने की प्रक्रिया से हटाने के लिए भारत के खिलाफ ऐसे झूठे कथानक रचता है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय वास्तविकता से भलीभांति परिचित है और पाकिस्तान के इन हताशा-भरे विचलनकारी प्रयासों से भ्रमित नहीं होगा।

भारत की कूटनीतिक प्रतिक्रिया

भारत ने अपने बयान में स्पष्ट किया है कि पाकिस्तान अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए ऐसे झूठे प्रचार में लिप्त है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान का उद्देश्य केवल अपनी अस्थिरता और आंतरिक राजनीतिक संकट से ध्यान हटाना है।

Leave a comment