संसद का बजट सत्र आज से होगा शुरू, 1 फरवरी को पेश होगा केंद्रीय बजट

संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। वित्त मंत्री 1 फरवरी को केंद्रीय बजट 2026 पेश करेंगी। बजट सत्र, आर्थिक एजेंडा और प्रमुख घोषणाओं से जुड़ी पूरी जानकारी
संसद का बजट सत्र आज से होगा शुरू, 1 फरवरी को पेश होगा केंद्रीय बजट

भारत की संसद का बजट सत्र 2026 आज बुधवार से औपचारिक रूप से शुरू हो गया है। सत्र की शुरुआत संसद के सेंट्रल हॉल में लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से होगी। 

नई दिल्ली: आज यानी बुधवार से संसद का बजट सत्र शुरू हो रहा है और 1 फरवरी को केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा। सत्र की शुरुआत लोकसभा में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से होगी। मंगलवार को हुई सर्वदलीय बैठक में विपक्ष ने बजट सत्र के दौरान ‘विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम’ और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर चर्चा की मांग की, जिसे सरकार ने खारिज कर दिया। 

बैठक में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश और सीपीएम सांसद जॉन ब्रिटास सहित कई विपक्षी नेताओं ने सत्र के लिए सरकारी कामकाज का एजेंडा पहले से साझा न किए जाने पर आपत्ति जताई, जिस पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि इसे उचित समय पर प्रस्तुत किया जाएगा।

सर्वदलीय बैठक में दिखा टकराव

बजट सत्र से पहले मंगलवार को आयोजित सर्वदलीय बैठक में सरकार और विपक्ष के बीच कई मुद्दों पर मतभेद सामने आए। विपक्षी दलों ने सत्र के दौरान ‘विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम’ और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) जैसे संवेदनशील विषयों पर चर्चा की मांग की। हालांकि, केंद्र सरकार ने इन मांगों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।

संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने स्पष्ट किया कि एक बार कोई कानून लागू हो जाने के बाद उसे वापस लेने या “रिवर्स गियर” में जाने का सवाल नहीं उठता। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष द्वारा उठाए गए अधिकतर मुद्दों पर राष्ट्रपति के अभिभाषण और बजट पर चर्चा के दौरान बहस की जा सकती है।

संसद का बजट सत्र आज से होगा शुरू, 1 फरवरी को पेश होगा केंद्रीय बजट

एजेंडे को लेकर विपक्ष की नाराजगी

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, सीपीआई(एम) सांसद जॉन ब्रिटास सहित कई विपक्षी नेताओं ने सत्र शुरू होने से पहले सरकारी विधायी एजेंडा सार्वजनिक न किए जाने पर आपत्ति जताई। इस पर रिजिजू ने कहा कि यह साल का पहला सत्र है और परंपरागत रूप से सरकारी कामकाज की सूची राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद साझा की जाती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उचित समय पर एजेंडा जारी किया जाएगा और सदन का संचालन सुचारु रूप से किया जाएगा।

बैठक के बाद कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया कि वह बजट सत्र के दौरान कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को जोर-शोर से उठाएगी। इनमें भारत की विदेश नीति, अमेरिकी टैरिफ, भारतीय रुपये में गिरावट, मनरेगा, और किसानों से जुड़े प्रश्न प्रमुख हैं। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सरकार अक्सर अंतिम समय में बिना पूर्व सूचना के विधेयक पेश करती है, जिससे विपक्ष को पर्याप्त चर्चा का अवसर नहीं मिल पाता।

विपक्ष का सरकार पर आरोप

सीपीआई(एम) सांसद जॉन ब्रिटास ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार “सस्पेंस और सरप्राइज” की रणनीति अपनाती है। उनका दावा है कि सर्वदलीय बैठक में विपक्षी सांसदों को खाली दस्तावेज सौंपे गए, जिससे सरकार की पारदर्शिता और मंशा पर संदेह पैदा होता है। सूत्रों के अनुसार, कई क्षेत्रीय दलों ने भी बैठक में अपने-अपने राज्यों से जुड़े अहम मुद्दे उठाए। 

बीजू जनता दल (BJD) ने ओडिशा के किसानों की समस्याओं और फसल बीमा भुगतान में देरी पर चिंता जताई और तत्काल समाधान की मांग की। वहीं तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने राजनीतिक रणनीतिकार संस्था आई-पैक पर हुई छापेमारी का हवाला देते हुए केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया।

Leave a comment