भारतीय शेयर बाजार सोमवार को जबरदस्त तेजी के लिए तैयार नजर आ रहा है। इसका मुख्य कारण है अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट का शुक्रवार को ट्रंप प्रशासन के टैरिफ को रद्द करने का फैसला। इस फैसले से शुक्रवार को गिफ्ट निफ्टी में लगभग 400 अंकों की तेजी देखी गई।
बिजनेस न्यूज़: सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिल सकती है। इसका मुख्य कारण अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा राष्ट्रपति Donald Trump की ओर से लगाए गए भारी टैरिफ को शुक्रवार को रद्द कर दिया जाना है। इस फैसले के असर से शुक्रवार को गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) में करीब 400 अंकों तक तेजी देखी गई। गिफ्ट निफ्टी 320 अंक या 1.25% बढ़कर 25,886 पर बंद हुआ।
अमेरिका के शेयर बाजारों में भी इसी दौरान उछाल आया। शनिवार और रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को बाजार खुलेंगे, इसलिए ऐसे में सोमवार को भी शेयर बाजार में तेजी की संभावना बनी हुई है।
गिफ्ट निफ्टी क्या है?
गिफ्ट निफ्टी, जिसे पहले SGX Nifty के नाम से जाना जाता था, अब GIFT City, गुजरात से संचालित होता है। यह एक इंटरनेशनल डेरिवेटिव इंडेक्स है और मुख्य रूप से विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (FPIs) और संस्थागत निवेशक इसका उपयोग करते हैं। भारतीय रिटेल निवेशक इसमें सीधे ट्रेड नहीं कर सकते।गिफ्ट निफ्टी की प्रमुख विशेषताएँ:
यह निफ्टी 50 इंडेक्स पर आधारित है।
ट्रेड का निपटान अमेरिकी डॉलर में होता है, जबकि निफ्टी 50 का व्यापार भारतीय रुपये में होता है। यह दैनिक 21 घंटे दो सत्रों में चलता है। पहला सत्र सुबह 6:30 बजे से दोपहर 3:40 बजे तक और दूसरा सत्र शाम 4:35 बजे से अगली सुबह 2:45 बजे तक. भारतीय ट्रेडर्स सुबह बाजार खुलने से पहले गिफ्ट निफ्टी के रुझान देखकर तय करते हैं कि भारतीय शेयर बाजार तेजी या कमजोरी के साथ खुलेगा।
![]()
ट्रंप टैरिफ रद्द होने का असर
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप प्रशासन द्वारा लगाए गए भारी टैरिफ को रद्द कर दिया। इससे अमेरिकी आयात पर लगे अतिरिक्त शुल्क खत्म हुए और भारतीय निर्यातकों को राहत मिली। ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (GTRI) के अनुसार, इस फैसले के बाद अमेरिका में भारत के लगभग 55% निर्यात अब सिर्फ मानक MFN टैरिफ के अधीन होंगे।
हालांकि, सेक्शन 232 के तहत स्टील और एल्यूमीनियम पर 50%, और ऑटो कंपोनेंट्स पर 25% शुल्क जारी रहेंगे। इसके अलावा, स्मार्टफोन, पेट्रोलियम उत्पाद और जेनेरिक फार्मा सहित लगभग 40% निर्यात मूल्य वाले उत्पाद अमेरिकी टैरिफ से मुक्त रहेंगे।
निवेशकों के लिए रणनीति
वेल्थमिल्स सिक्योरिटीज की इक्विटी स्ट्रेटेजी डायरेक्टर क्रांति बथिनी ने कहा कि यह फैसले भारतीय बाजारों के लिए सेंटीमेंट बूस्टर के रूप में काम करेंगे। निवेशकों को सोमवार को निर्यात-उन्मुख सेक्टर पर नजर रखनी चाहिए, जैसे:
- रत्न और आभूषण
- टेक्सटाइल और कपड़ा
- समुद्री उत्पाद
- फार्मास्यूटिकल्स
साथ ही, धातु शेयरों में संभावित कमजोरी भी देखने को मिल सकती है, क्योंकि स्टील और एल्यूमीनियम पर टैरिफ अभी भी लागू है। इसके अलावा, EMS (Electronic Manufacturing Services) और जेनेरिक फार्मा सेक्टर में निवेशकों के लिए अवसर बन सकते हैं।









