ऑस्ट्रेलिया क्रिकेटर डेविड वॉर्नर एक नए विवाद में घिर गए हैं। उन पर ड्रिंक-एंड-ड्राइव (नशे में गाड़ी चलाने) का मामला दर्ज किया गया है। यह घटना सिडनी के मारूब्रा इलाके में हुई, जहां पुलिस ने रैंडम ब्रीथ टेस्टिंग के दौरान उन्हें रोका।
सिडनी: पूर्व ऑस्ट्रेलिआई बल्लेबाज डेविड वॉर्नर को सिडनी में रैंडम ब्रीथ टेस्ट के दौरान ड्रिंक-एंड-ड्राइव करते पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, जांच में वॉर्नर का अल्कोहल लेवल तय सीमा से अधिक पाया गया, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया।
वॉर्नर फिलहाल पाकिस्तान सुपर लीग खेल रहे है। वे PSL में कराची किंग्स की कप्तानी कर रहे हैं और जल्द ही टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान लौटने वाले हैं।
रैंडम ब्रीथ टेस्ट में पकड़े गए
घटना उस समय की है जब सिडनी पुलिस शहर में नियमित रूप से रैंडम ब्रीथ टेस्ट अभियान चला रही थी। वॉर्नर अपनी कार लेकर टेस्टिंग पॉइंट के पास पहुंचे और वहां से पहले ही रुक गए।
हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने संदेह के आधार पर उनके पास जाकर जांच की। ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट में उनका अल्कोहल स्तर 0.104 पाया गया, जो कानूनी सीमा से अधिक है।
इसके बाद पुलिस ने उन्हें मारूब्रा पुलिस स्टेशन ले जाकर औपचारिक कार्रवाई की।
अगले महीने कोर्ट में पेशी
ड्रिंक-एंड-ड्राइव मामले में अब वॉर्नर को अगले महीने स्थानीय अदालत में पेश होना होगा। ऑस्ट्रेलिया में इस तरह के मामलों को गंभीरता से लिया जाता है, और दोषी पाए जाने पर जुर्माना, लाइसेंस निलंबन या अन्य सजा हो सकती है।
फिलहाल, इस मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है और आगे की सुनवाई के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
![]()
PSL के बीच ऑस्ट्रेलिया गए थे वॉर्नर
डेविड वॉर्नर इन दिनों पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में कराची किंग्स टीम की कप्तानी कर रहे हैं। मैचों के बीच मिले ब्रेक के दौरान वे ऑस्ट्रेलिया गए थे, जहां यह घटना हुई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वॉर्नर अब जल्द ही पाकिस्तान लौटने की तैयारी में हैं। उनका अगला मुकाबला पेशावर जालमी के खिलाफ 9 अप्रैल को कराची में खेला जाना है।
इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद भी सक्रिय
डेविड वॉर्नर ने 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन वे अभी भी फ्रेंचाइजी क्रिकेट में सक्रिय हैं।
अपने करियर में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 112 टेस्ट, 161 वनडे और 110 टी-20 मैच खेले और तीनों फॉर्मेट में मिलाकर 15,000 से अधिक रन बनाए।
संन्यास के बाद भी उनकी लोकप्रियता और प्रदर्शन में कमी नहीं आई है। हाल ही में उन्होंने बिग बैश लीग में सिडनी थंडर के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 मैचों में 433 रन बनाए थे।












