टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आयोजन को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने ICC के खिलाफ अपनी प्रतिक्रिया दर्ज कराई है। बांग्लादेश ने अपने भारत में खेले जाने वाले मैचों को लेकर ICC की फैसले को पलटने के लिए डिस्प्यूट रेजोल्यूशन कमेटी (DRC) का दरवाजा खटखटाया है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने टी20 विश्व कप के अपने मुकाबले भारत में कराए जाने के आईसीसी फैसले को पलटने की मांग करते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की डिस्प्यूट रेजोल्यूशन कमेटी (डीआरसी) का दरवाजा खटखटाया है। हालांकि, यह अपील लगभग तय है कि रद्द हो जाएगी क्योंकि मामला डीआरसी के अधिकार क्षेत्र से बाहर है। वहीं, समाचार एजेंसी ने आईसीसी सूत्र के हवाले से बताया कि आईसीसी चेयरमैन जय शाह बांग्लादेश के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सकते हैं।
ICC ने स्कॉटलैंड को रखा स्टैंडबाय
ICC ने बांग्लादेश के संभावित रिप्लेसमेंट के रूप में स्कॉटलैंड को स्टैंडबाय पर रखा है। सूत्रों के अनुसार, शनिवार तक स्कॉटलैंड को टी20 WC 2026 में शामिल करने का आधिकारिक ऐलान हो सकता है। BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल के नेतृत्व में बोर्ड ने DRC से संपर्क किया और सभी विकल्प आजमाने की कोशिश की।
एक सूत्र ने कहा, बीसीबी ने DRC से संपर्क किया ताकि सभी कानूनी और नियम आधारित विकल्पों का इस्तेमाल किया जा सके। यदि DRC बांग्लादेश के खिलाफ फैसला देती है, तो अब केवल स्विट्जरलैंड स्थित कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट (CAS) ही अंतिम विकल्प होगा।
सुरक्षा को लेकर पुराना राग
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार और खेल मंत्रालय के सलाहकार आसिफ नजरुल ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए टीम के भारत में मैच नहीं खेलने का निर्णय लिया था। हालांकि, ICC के संविधान और DRC की टर्म्स ऑफ रेफरेंस के अनुसार, यह समिति ICC बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के फैसलों के खिलाफ अपील सुनने के लिए अधिकृत नहीं है।
DRC की शर्त 1.3 के मुताबिक, "यह समिति ICC या उसके किसी निर्णयकारी निकाय के फैसलों के खिलाफ अपील निकाय के रूप में काम नहीं करेगी।" ICC बोर्ड ने स्वतंत्र सुरक्षा आकलन के आधार पर 14-2 के बहुमत से बांग्लादेश के मैच भारत में ही कराने का फैसला किया था। आकलन में सुरक्षा खतरे को ‘कम से मध्यम’ बताया गया था।
![]()
ICC में नाराजगी
ICC बोर्ड से जुड़े एक सूत्र ने कहा, “बीसीबी DRC के पास जा सकता है, लेकिन नियमों के अनुसार यह मामला सुना ही नहीं जाएगा। यह बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के फैसले के खिलाफ अपील है।” ICC के चेयरमैन जय शाह, जो अंडर-19 विश्व कप के लिए नामीबिया में थे, अब दुबई में हैं। उनके द्वारा शनिवार तक बांग्लादेश के रिप्लेसमेंट का अंतिम फैसला किया जा सकता है।
ICC सूत्रों के अनुसार, बोर्ड BCB अध्यक्ष बुलबुल की प्रेस कॉन्फ्रेंस से नाराज है। उन्होंने ICC को सूचित किए बिना प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पर असंतोष जताया। वहीं, आसिफ नजरुल ICC के लिए ‘पर्सोना नॉन ग्राटा’ घोषित हैं।
DRC का काम
DRC ब्रिटिश कानून के तहत काम करती है। 2018 में इसी समिति ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की ओर से BCCI के खिलाफ 70 मिलियन डॉलर के मुआवजे के दावे को खारिज कर दिया था। उस फैसले में DRC ने कहा कि दोनों देशों के बीच हुआ ‘मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग’ केवल ‘लेटर ऑफ इंटेंट’ था और BCCI पर बाध्यकारी नहीं था।
DRC का मुख्य कार्य यह जांचना होता है कि ICC बोर्ड ने नियमों और कानूनों का पालन किया या नहीं। DRC के अध्यक्ष माइकल बेलॉफ (किंग्स काउंसल) हैं। समिति के अन्य सदस्य हैं: माइक हेरॉन, जस्टिस विंस्टन एंडरसन, डियोन वैन ज़ाइल, गैरी रॉबर्ट्स, गुओ काई, एनाबेल बेनेट, जीन पॉलसन, पीटर निकोलसन, विजय मल्होत्रा और सैली क्लार्क।












