बांग्लादेश के भारत में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच खेलने से इंकार करने के मुद्दे को सुलझाने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की एक टीम बांग्लादेश जा रही है, जिसका मकसद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के साथ आमने-सामने चर्चा करके विवाद को सुलझाना है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: T20 World Cup 2026 से पहले क्रिकेट जगत में एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस मेगा इवेंट को लेकर बांग्लादेश और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) आमने-सामने हैं। बांग्लादेश ने भारत में अपने मैच खेलने से इनकार कर दिया है, जबकि आईसीसी साफ कर चुकी है कि वह फिलहाल मैचों को भारत से बाहर शिफ्ट करने के मूड में नहीं है। अब इस गतिरोध को खत्म करने के लिए आईसीसी की एक टीम बांग्लादेश जाने की तैयारी कर रही है।
यह मामला सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें राजनीति, सुरक्षा चिंताएं और खिलाड़ियों की नाराजगी भी शामिल हो गई है। आइए 5 अहम पॉइंट्स में समझते हैं कि ताजा स्थिति क्या है और आगे क्या हो सकता है।
1. बांग्लादेश ने ICC टीम के दौरे की पुष्टि की
बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरूल ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि आईसीसी का प्रतिनिधिमंडल इस मुद्दे पर चर्चा के लिए बांग्लादेश आ सकता है। उन्होंने प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि बांग्लादेश T20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेना चाहता है, लेकिन भारत में मैच खेलने को लेकर कोई समझौता नहीं करेगा।
उनका साफ कहना है कि अगर बांग्लादेश के मैच श्रीलंका में कराए जाते हैं, तो ही टीम टूर्नामेंट में खेलेगी। श्रीलंका इस वर्ल्ड कप का सह-मेजबान भी है, इसलिए बांग्लादेश इसे व्यवहारिक विकल्प मान रहा है।
2. ICC टीम की यात्रा की तारीख अभी तय नहीं
हालांकि आईसीसी टीम के बांग्लादेश दौरे की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई पक्की तारीख तय नहीं हुई है। बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीसीबी (Bangladesh Cricket Board) और ICC के बीच लगातार बातचीत जारी है। बीसीबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दोनों पक्ष संपर्क में हैं, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि प्रतिनिधिमंडल कब ढाका पहुंचेगा। इसका मतलब यह है कि विवाद सुलझने में अभी समय लग सकता है।

3. BCB अंदरूनी संकट और खिलाड़ियों की नाराजगी
इस पूरे विवाद ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को अंदर से भी हिला दिया है। भारत में न खेलने के फैसले से कई बांग्लादेशी खिलाड़ी खुश नहीं हैं। जब कुछ क्रिकेटरों ने खुलकर अपनी राय रखी, तो बीसीबी के एक डायरेक्टर ने उन्हें “भारत का एजेंट” तक कह दिया। इसके बाद खिलाड़ियों ने हड़ताल कर दी, जिसका असर बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL 2026) पर भी पड़ा। हालात बिगड़ते देख बीसीबी को उस डायरेक्टर को पद से हटाना पड़ा। फिलहाल हड़ताल खत्म हो चुकी है, लेकिन खिलाड़ियों ने सार्वजनिक माफी की मांग रखी है।
4. ICC और BCB के बीच पहले भी हो चुकी है बैठक
यह पहला मौका नहीं है जब इस मुद्दे पर बातचीत हुई हो। पिछले हफ्ते ICC और BCB के शीर्ष अधिकारियों के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग हुई थी। इसमें बांग्लादेश ने भारत में अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और मैच श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग दोहराई। हालांकि ICC ने टूर्नामेंट शुरू होने में कम समय बचने का हवाला देते हुए इस मांग को खारिज कर दिया था और बांग्लादेश से अपने फैसले पर दोबारा सोचने को कहा था।
5. विवाद की जड़: मुस्तफिजुर रहमान और IPL 2026
इस पूरे विवाद की शुरुआत बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान से जुड़ी एक घटना से हुई। IPL 2026 ऑक्शन में उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने बड़ी रकम में खरीदा था, लेकिन बाद में कुछ संगठनों के विरोध के बाद BCCI ने KKR को उन्हें रिलीज करने का निर्देश दिया। इसके बाद बांग्लादेश सरकार ने इसे भारत में खिलाड़ियों की सुरक्षा से जोड़ते हुए बड़ा मुद्दा बना दिया। इतना ही नहीं, बांग्लादेश में IPL 2026 के टेलीकास्ट पर भी बैन लगा दिया गया। यहीं से T20 वर्ल्ड कप को लेकर तनाव बढ़ता चला गया।











