आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का चयन आज होने की संभावना है। मुंबई में अजीत अगरकर की अगुआई वाली पुरुष चयन समिति की बैठक जारी है, जिसके बाद टीम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय क्रिकेट में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज और एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान होने वाला है। मुंबई में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की चयन समिति की बैठक चल रही है, जिसकी अगुआई मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर कर रहे हैं। बैठक के बाद बीसीसीआई मुख्यालय में दोपहर तक आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस होने की संभावना है, जिसमें टीम चयन का ऐलान किया जाएगा।
दो बड़े टूर्नामेंट, दो अलग टीमें
इस बार चयन समिति एक साथ दो अलग-अलग टीमों की घोषणा कर सकती है:
- आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज
- एशियन गेम्स 2026 (टी20 क्रिकेट इवेंट)
भारत को 26 और 28 जून को आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच खेलने हैं। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ 1 जुलाई से पांच टी20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। वहीं, एशियन गेम्स के लिए अलग टीम चुनी जाएगी, क्योंकि टूर्नामेंट के लिए चयन की डेडलाइन पहले ही तय की जा चुकी है।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पर संकट?

सबसे बड़ा सवाल भारतीय टी20 टीम की कप्तानी को लेकर है। मौजूदा टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के भविष्य पर चयन समिति गंभीर चर्चा कर सकती है।सूत्रों के अनुसार, टीम प्रबंधन इस भूमिका के लिए श्रेयस अय्यर को विकल्प के रूप में देख रहा है। अय्यर को कप्तानी की दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है, खासकर उनके आईपीएल में लगातार सफल नेतृत्व प्रदर्शन के कारण।
श्रेयस अय्यर के पक्ष में कई मजबूत तर्क सामने आ रहे हैं. उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स जैसी टीमों को आईपीएल फाइनल तक पहुंचाया है. 2024 में उनकी कप्तानी में केकेआर ने आईपीएल खिताब जीता। वह एकमात्र ऐसे कप्तान हैं जिन्होंने तीन अलग-अलग टीमों को आईपीएल फाइनल तक पहुंचाया है. दबाव में उनकी बल्लेबाजी और नेतृत्व दोनों में स्थिरता देखी गई है. इन उपलब्धियों ने उन्हें टी20 कप्तानी के लिए मजबूत दावेदार बना दिया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, चयन समिति सिर्फ कप्तानी ही नहीं बल्कि सूर्यकुमार यादव के टीम में स्थान को लेकर भी विचार कर सकती है। हाल के महीनों में उनके फॉर्म में गिरावट को इसका कारण बताया जा रहा है। हालांकि, अभी तक बीसीसीआई की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन टीम चयन को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
चयन समिति की अहम बैठक
मुंबई में हो रही इस बैठक में अजीत अगरकर के साथ बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया भी मौजूद रहेंगे। चयन के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम की घोषणा की जाएगी, जिसमें दोनों सीरीज और एशियन गेम्स के स्क्वॉड शामिल होंगे। भारत की इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह सीरीज आने वाले बड़े ICC टूर्नामेंट्स की तैयारी के रूप में देखी जा रही है। इसमें टीम संयोजन, नए खिलाड़ियों का चयन और कप्तानी का फैसला भारतीय क्रिकेट के भविष्य की दिशा तय कर सकता है।










