भारतीय टीम को आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलना है, लेकिन उससे पहले टीम इंडिया को एक बड़ा झटका लगा है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: ICC T20 World Cup 2026 शुरू होने से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोटिल होने के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह मोहम्मद सिराज को रिप्लेसमेंट प्लेयर के रूप में शामिल कर लिया गया है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा।
टीम इंडिया को अपने पहले मुकाबले से पहले यह नुकसान हुआ। हर्षित राणा मुख्य स्क्वाड का हिस्सा थे, लेकिन वॉर्मअप मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ दाहिने घुटने में चोट लगने के कारण उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा। बीसीसीआई ने अब इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है और सिराज को राणा की जगह स्क्वाड में शामिल किया गया।

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दी थी जानकारी
टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने हर्षित राणा की चोट और उनकी फिटनेस को लेकर पहले ही संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि राणा अभी पूरी तरह बाहर नहीं हुए हैं, लेकिन उनके खेलने पर संदेह है। सूर्यकुमार ने कहा, हमें 6 फरवरी की शाम तक उनकी स्थिति का पता चलेगा, लेकिन फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि वह खेल पाएंगे।
सूर्यकुमार ने रिप्लेसमेंट प्लेयर के चयन को लेकर भी कहा कि टीम चयनकर्ता पिछले 1-2 सालों में अच्छे प्रदर्शन करने वाले गेंदबाजों या ऐसे खिलाड़ियों को देखेंगे जो बैटिंग में भी योगदान कर सकते हैं। उनका कहना था कि टीम सबसे मजबूत विकल्प को चुनने की कोशिश करेगी।
मोहम्मद सिराज की टीम में वापसी
हर्षित राणा के बाहर होने के बाद मोहम्मद सिराज की वापसी टीम इंडिया के लिए राहत की खबर है। सिराज टीम इंडिया के गेंदबाजी विभाग का अहम हिस्सा हैं और टेस्ट व वनडे फॉर्मेट में भी टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हालांकि, उन्होंने पिछले डेढ़ साल से कोई टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला था।सिराज ने आखिरी बार टी20 इंटरनेशनल मैच 2024 में श्रीलंका दौरे पर खेला था। इसके अलावा, सिराज टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भी टीम इंडिया की स्क्वाड का हिस्सा रहे थे। उन्होंने अब तक कुल 16 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 14 विकेट लिए और उनका इकॉनमी रेट 8 से कम रहा।
सिराज की तेज और यॉर्कर वाली गेंदबाजी भारतीय टीम के लिए अंतिम ओवरों में बड़ी भूमिका निभा सकती है। उनके शामिल होने से टीम इंडिया के गेंदबाजी विभाग में मजबूती आएगी और युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का काम होगा।










