टेक्सस में रहने वाली एक महिला ने कई भारत-विरोधी बातें कही हैं। केली नाम की इस महिला ने भारतीय संस्कृति का मजाक उड़ाया है। केली ने टेक्सस गवर्नर का चुनाव लड़ने का दावा किया है।
World News: अमेरिका के टेक्सास में गवर्नर पद की एक स्वतंत्र उम्मीदवार बताई जा रही महिला केली स्मिथ सोशल मीडिया पर अपने बयानों को लेकर विवादों में आ गई हैं। उन पर भारतीय संस्कृति और प्रवासी समुदाय को लेकर आपत्तिजनक और विभाजनकारी टिप्पणियां करने का आरोप लगाया जा रहा है। यह मामला तब सामने आया जब उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर AI-जनरेटेड तस्वीरें और पोस्ट साझा किए, जिनमें भारतीय परंपराओं का संदर्भ देते हुए व्यंग्यात्मक और विवादित बयान शामिल थे।
क्या है पूरा मामला?
केली स्मिथ ने खुद को टेक्सास गवर्नर पद की “राइट-इन उम्मीदवार” बताया है। अमेरिका में यह एक ऐसी व्यवस्था है जिसमें उम्मीदवार का नाम मतपत्र पर नहीं होता और मतदाता उसका नाम लिखकर वोट देते हैं। उनके पोस्ट में दावा किया गया कि, उन्होंने भारतीय वेशभूषा में AI-जनरेटेड तस्वीर साझा की, मंदिर के सामने खुद को “प्रिया” नाम से दिखाया. भारतीय संस्कृति पर व्यंग्यात्मक टिप्पणियां कीं और धार्मिक स्थलों को लेकर विवादित बयान दिए. इन पोस्ट्स के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर व्यापक प्रतिक्रिया देखने को मिली।
भारतीय समुदाय की प्रतिक्रिया

केली के बयानों पर भारतीय मूल के लोगों और प्रवासी समुदाय ने कड़ी आपत्ति जताई है। कई यूजर्स ने इसे सांस्कृतिक अपमान और हेट स्पीच करार दिया है।सोशल मीडिया पर आलोचकों का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियां, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं. प्रवासी समुदाय को निशाना बनाती हैं और सामाजिक विभाजन को बढ़ावा देती हैं।
वायरल पोस्ट्स में यह दावा किया गया कि उन्होंने भारतीय पहचान को व्यंग्यात्मक रूप से अपनाया और लिखा कि, वह “प्रिया” नाम अपनाती हैं. मंदिर में पश्चिमी भोजन (जैसे बर्गर और स्टेक) का उल्लेख किया गया. भारतीय दुकानों और प्रवासियों की मौजूदगी पर आपत्ति जताई गई. टेक्सास में सांस्कृतिक बदलाव पर नाराजगी जताई गई. इन बयानों को कई लोगों ने भड़काऊ और असंवेदनशील बताया है।
आलोचना के बाद भी जारी रही टिप्पणियां
विवाद बढ़ने के बावजूद केली स्मिथ ने अपने बयान वापस नहीं लिए। उन्होंने एक और पोस्ट में कहा कि लोग उनकी “मजाकिया AI तस्वीरों” पर नाराज हो रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि, टेक्सास की स्थानीय संस्कृति का सम्मान नहीं हो रहा. प्रवासी व्यवसायों की बढ़ती मौजूदगी से असंतोष है और स्थानीय पहचान पर असर पड़ रहा है।
केली स्मिथ ने घोषणा की है कि वे इस साल होने वाले गवर्नर चुनाव में “राइट-इन उम्मीदवार” के रूप में मैदान में उतरेंगी। हालांकि, उनकी चुनावी मुहिम अब तक बेहद सीमित दिखाई देती है। रिपोर्ट्स के अनुसार उनके फंडरेजिंग अभियान में बहुत कम समर्थन मिला है।










