तिरुपति मंदिर में रेशम के नाम पर पॉलिएस्टर, 10 साल में 55 करोड़ का नुकसान

तिरुपति मंदिर में रेशम के दुपट्टों के बजाय पॉलिएस्टर दुपट्टों की आपूर्ति दशकों तक हुई। मंदिर ट्रस्ट को 55 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। पढ़ें पूरी डिटेल।
तिरुपति मंदिर में रेशम के नाम पर पॉलिएस्टर, 10 साल में 55 करोड़ का नुकसान

आंध्र प्रदेश के तिरुमला तिरुपति देवस्थानम मंदिर में लड्डू घोटाले के बाद अब एक और बड़ा विवाद सामने आया है। ट्रस्ट का आरोप है कि 2015 से 2025 तक भक्तों और दानदाताओं को दिए जाने वाले पवित्र रेशमी (सिल्क) दुपट्टे असल में 100% पॉलिएस्टर के थे।

Tirupati Temple Silk Dupatta Scam: आंध्र प्रदेश के विश्वप्रसिद्ध तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) मंदिर में लड्डू विवाद के बाद अब एक और बड़ा घोटाला सामने आया है। इस बार मामला भक्तों और दानदाताओं को भेंट किए जाने वाले रेशमी (सिल्क) दुपट्टों से जुड़ा है। आरोप है कि वर्ष 2015 से 2025 तक शुद्ध शहतूत रेशम के नाम पर 100% पॉलिएस्टर के दुपट्टे सप्लाई किए गए, जिससे मंदिर ट्रस्ट को करीब 55 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

TTD बोर्ड ने इस गंभीर मामले को आंध्र प्रदेश एंटी-करप्शन ब्यूरो (ACB) को सौंप दिया है। जांच के बाद अब इस कथित धोखाधड़ी को लेकर पूरे देश में हलचल मच गई है।

कैसे सामने आया सिल्क दुपट्टा घोटाला?

तिरुमला तिरुपति देवस्थानम में वीआईपी दर्शन और विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान दानदाताओं और श्रद्धालुओं को पवित्र रेशमी दुपट्टे भेंट किए जाते हैं। हाल ही में इन दुपट्टों की गुणवत्ता को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ, जिसके बाद TTD प्रशासन ने गोदाम और मंदिर परिसर से दुपट्टों के सैंपल लेकर वैज्ञानिक जांच कराई।

ये सैंपल बेंगलुरु और धर्मवरम स्थित सेंट्रल सिल्क बोर्ड की प्रयोगशालाओं में भेजे गए। दोनों ही लैब रिपोर्ट में यह पुष्टि हुई कि जिन दुपट्टों को शुद्ध शहतूत रेशम बताकर सप्लाई किया गया था, वे वास्तव में पूरी तरह से पॉलिएस्टर के बने हुए थे।

सप्लायर पर 55 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप

तिरुपति मंदिर में रेशम के नाम पर पॉलिएस्टर, 10 साल में 55 करोड़ का नुकसान

TTD का आरोप है कि संबंधित सप्लायर फर्म ने पिछले एक दशक में मंदिर ट्रस्ट को सस्ते पॉलिएस्टर उत्पाद महंगे रेशम के नाम पर बेचकर करीब 55 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। नियमों के अनुसार, हर दुपट्टा शुद्ध शहतूत रेशम से बना होना अनिवार्य था और उसमें आधिकारिक सिल्क होलोग्राम भी होना चाहिए था, लेकिन सप्लाई की गई सामग्री इन मानकों पर खरी नहीं उतरी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हाल ही में दुपट्टा सप्लाई करने वाली फर्म VRS एक्सपोर्ट्स, नागरी को 15,000 नए दुपट्टों का ठेका दिया गया था। घोटाले के खुलासे के बाद इस नए ठेके को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। TTD बोर्ड ने ACB को निर्देश दिया है कि इस पूरे मामले में शामिल सभी जिम्मेदार अधिकारियों और निजी एजेंसियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

क्या है तिरुपति मंदिर के दुपट्टों का आधिकारिक मानक?

तिरुमला तिरुपति देवस्थानम के नियमों के अनुसार दुपट्टों के लिए सख्त गुणवत्ता मानक तय हैं, जिनमें शामिल हैं:

  • दुपट्टा 100% शुद्ध शहतूत रेशम से बुना होना चाहिए।
  • ताने-बाने में 20/22 डेनियर धागे का उपयोग अनिवार्य है।
  • न्यूनतम मोटाई 31.5 डेनियर होनी चाहिए।
  • एक ओर संस्कृत और दूसरी ओर तेलुगु में ‘ॐ नमो वेंकटेशाय’ लिखा होना आवश्यक है।
  • शंख, चक्र और नामम् के धार्मिक प्रतीक भी दुपट्टे पर होने चाहिए।
  • आकार, वजन और बॉर्डर डिज़ाइन भी स्पष्ट रूप से निर्धारित हैं।

जांच में सामने आया कि आपूर्ति किए गए दुपट्टे इन मानकों में से किसी पर भी खरे नहीं उतरते।  यह घोटाला ऐसे समय पर सामने आया है, जब तिरुपति मंदिर पहले से ही लड्डू प्रसाद की गुणवत्ता और आपूर्ति को लेकर उठे सवालों से जूझ रहा है। अब दुपट्टा मामले ने मंदिर प्रशासन की आपूर्ति व्यवस्था और टेंडर प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a comment