बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने एक बार फिर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर तीखा हमला किया है। बीजेपी नेता ने कांग्रेस सांसदों को निशाना बनाते हुए उन्हें ‘एक्सपायर्ड इंजेक्शन’ करार दिया है।
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने एक बार फिर कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को “एक्सपायर्ड इंजेक्शन” करार देते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी को लगभग समाप्त कर दिया है। तरुण चुघ का यह बयान उस समय आया जब कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने प्रियंका गांधी वाड्रा को प्रधानमंत्री बनने के लिए समर्थन देने की वकालत की थी। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में इस बयान को लेकर बहस तेज हो गई।
नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान चुघ ने कहा कि दशकों से कांग्रेस के नेता, जिनमें रॉबर्ट वाड्रा, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी शामिल हैं, “मुंगेरीलाल के हसीन सपने” देखते आ रहे हैं। चुघ ने कहा कि वास्तविकता यह है कि जनता ने कांग्रेस के कार्यकाल और उसके फैसलों की सजा 95 बार वोट के माध्यम से दे दी है।

कांग्रेस नेतृत्व पर कटाक्ष
तरुण चुघ ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी यह मान रहे हैं कि चुनाव हारने के बाद भी प्रियंका गांधी प्रधानमंत्री बन सकती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सोच कांग्रेस के लिए वास्तविकता से परे है। चुघ ने कहा, “प्रियंका गांधी ने यूपी में कहा था कि ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं।’ लेकिन हालात क्या हैं? उनका नेतृत्व ध्वस्त हो चुका है और कांग्रेस की जमानत तक बची नहीं है।”
चुघ ने आगे कहा कि कांग्रेस में जनता के भरोसे के बजाय कुनबा और वंशवाद से नेतृत्व तय होता है। यही कारण है कि पार्टी के वंशवादी दावे बार-बार चुनावी मैदान में ध्वस्त होते रहते हैं। बीजेपी नेता ने घुसपैठ के मुद्दे को भी उठाया और कहा कि यह सिर्फ डेमोग्राफिक बहस का मामला नहीं है, बल्कि भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता से जुड़ा मुद्दा है।
चुघ ने आरोप लगाया कि दशकों तक कांग्रेस ने सीमावर्ती राज्यों में वोट-बैंक के लिए अवैध घुसपैठियों का संरक्षण किया। वर्तमान में, राहुल गांधी भी उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं।











