जयपुर के तूंगा इलाके में उधार सामान देने से मना करने पर तीन युवकों ने किराना शॉप में डंडे-सरिए से तोड़फोड़ की। घटना CCTV में कैद हुई है। पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Jaipur: जयपुर के तूंगा थाना क्षेत्र के देव गांव में स्थित एक किराना शॉप में तोड़फोड़ और हमले का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, चीता की ढाणी में रहने वाले कुछ युवक अक्सर इस किराना शॉप से सामान उधार लेकर जाते थे।
बुधवार शाम को इन्हीं में से एक युवक दुकान पर खरीदारी करने पहुंचा। दुकानदार ने इस बार उधार सामान देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दुकानदार और युवक के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के बाद युवक गुस्से में दुकान से चला गया।
गाड़ी से लौटे आरोपी
कहासुनी के कुछ समय बाद, रात करीब 7 बजकर 22 मिनट पर युवक अपने दो साथियों के साथ गाड़ी से वापस लौटा। उन्होंने दुकान से कुछ दूरी पर बाइक खड़ी की और डंडे व सरिए लेकर किराना शॉप की ओर बढ़े।

तीनों युवकों ने अचानक दुकान पर हमला कर दिया। उन्होंने दुकान के बाहर रखे सामान को डंडे-सरिए से तोड़ना शुरू कर दिया। इसके बाद सामान को उठाकर दुकान के अंदर फेंक दिया गया।
आरोपियों ने दुकान के अंदर भी तोड़फोड़ की और दुकानदार के साथ मारपीट करने की कोशिश की। अचानक हुए हमले से दुकान में अफरा-तफरी मच गई। उस समय दुकान पर मौजूद दुकानदार और ग्राहक जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
CCTV में कैद हुई वारदात
पूरी घटना दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में तीनों युवक डंडे-सरिए से तोड़फोड़ करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। तूंगा थाना प्रभारी श्रीराम मीना ने बताया कि पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर शनिवार को FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।
पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










