उज्जैन में महाकाल दर्शन के लिए पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्रालय के सीनियर अकाउंटेंट योगेश साहू और उनके परिवार से मारपीट का मामला सामने आया है। प्रसाद खरीदने को लेकर विवाद बढ़ने पर महिलाओं समेत कई परिजनों को चोटें आईं।
उज्जैन: महाकाल मंदिर क्षेत्र में भगवान महाकाल के दर्शन के लिए ग्वालियर से पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्रालय के सीनियर अकाउंटेंट योगेश साहू और उनके परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। परिवार का आरोप है कि प्रसाद और फूल की दुकान संचालकों ने सामान खरीदने का दबाव बनाया। इनकार करने पर कहासुनी के बाद 4-5 लोगों ने उनके साथ कथित तौर पर हाथापाई और धक्का-मुक्की की।
प्रसाद खरीदने को लेकर शुरू हुआ विवाद
योगेश साहू मंगलवार को अपनी पत्नी, बहन और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ग्वालियर से उज्जैन पहुंचे थे। परिवार महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए गया था। योगेश साहू के अनुसार, मंदिर क्षेत्र में कुछ दुकानदारों ने बैग रखने के बहाने उन्हें अपनी दुकान पर बुलाया। इसके बाद उनसे प्रसाद खरीदने के लिए कहा गया।
![]()
परिवार ने दुकान से करीब 100 से 150 रुपये का प्रसाद खरीदा और इसके बाद आगे बढ़ने लगा। आरोप है कि दुकानदारों ने उनसे और प्रसाद खरीदने के लिए कहा। परिवार ने जब अतिरिक्त सामान खरीदने से इनकार किया तो कहासुनी शुरू हो गई।
4-5 लोगों ने की कथित मारपीट
योगेश साहू का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद 4-5 लोग परिवार के पीछे आए और उनके साथ धक्का-मुक्की तथा मारपीट की। परिवार के मुताबिक, इस दौरान उनके द्वारा खरीदा गया प्रसाद भी छीन लिया गया।
घटना के बाद मंदिर क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। परिवार ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई और एक व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
महिलाओं से भी धक्का-मुक्की का आरोप
परिवार के सदस्यों के अनुसार, घटना में महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। अंकिता साहू की कोहनी में चोट लगने की बात कही गई है। वहीं योगेश साहू के गाल पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया गया है।
परिवार के अन्य सदस्यों ओमप्रकाश साहू, नेहा कुमारी शाह, हर्ष देवी साहू और अंजली साहू के साथ भी धक्का-मुक्की होने का आरोप है। घटना के दौरान परिवार के साथ छोटे बच्चे भी मौजूद थे, जिससे मौके पर स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
गर्भवती महिला के साथ होने से बढ़ी चिंता
परिवार के मुताबिक, उनके साथ मौजूद नेहा कुमारी शाह गर्भवती हैं। उनके साथ धक्का-मुक्की की घटना को लेकर परिजन चिंतित हो गए। परिवार ने घटना को लेकर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामला प्रसाद खरीदने को लेकर शुरू हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।









