ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ केंट के केंट बिजनेस स्कूल ने सितंबर 2026 MBA इनटेक के लिए भारतीय छात्रों को 50% ट्यूशन फीस स्कॉलरशिप की पेशकश की है। कुल 20 छात्रों को यह स्कॉलरशिप दी जाएगी। आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 है।
नई दिल्ली: विदेश से MBA करने की योजना बना रहे भारतीय छात्रों के लिए अच्छी खबर है। ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ केंट के केंट बिजनेस स्कूल ने सितंबर 2026 इनटेक के लिए MBA स्कॉलरशिप की घोषणा की है। इस स्कॉलरशिप के तहत चयनित छात्रों को ट्यूशन फीस पर 50 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी, जिससे पढ़ाई का खर्च काफी कम हो सकता है।
भारतीय छात्रों के लिए 20 MBA स्कॉलरशिप उपलब्ध
यूनिवर्सिटी ऑफ केंट के केंट बिजनेस स्कूल ने सितंबर 2026 सत्र के लिए MBA करने वाले छात्रों के लिए विशेष स्कॉलरशिप शुरू की है। इस योजना के तहत कुल 20 छात्रों को ट्यूशन फीस में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। यह स्कॉलरशिप उन विद्यार्थियों के लिए है जो ब्रिटेन में प्रबंधन शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं और अपनी पढ़ाई का खर्च स्वयं वहन करने की योजना बना रहे हैं।

इच्छुक उम्मीदवारों को 31 अगस्त 2026 तक आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। चूंकि आवेदन रोलिंग आधार पर स्वीकार किए जा रहे हैं, इसलिए समय रहते आवेदन करना लाभदायक हो सकता है।
स्कॉलरशिप पाने के लिए क्या हैं पात्रता शर्तें?
इस स्कॉलरशिप का लाभ लेने के लिए सबसे पहले उम्मीदवार को केंट बिजनेस स्कूल के MBA कार्यक्रम में प्रवेश लेना होगा। केवल उन्हीं छात्रों पर स्कॉलरशिप के लिए विचार किया जाएगा, जिन्हें विश्वविद्यालय की ओर से MBA में प्रवेश का ऑफर लेटर मिल चुका हो।
इसके अलावा आवेदक के पास प्रबंधकीय (Managerial) अनुभव और कार्य अनुभव (Work Experience) होना आवश्यक है। यह स्कॉलरशिप मुख्य रूप से उन छात्रों के लिए है जो किसी बाहरी प्रायोजक की बजाय स्वयं अपनी पढ़ाई का खर्च उठा रहे हों।
ऐसे करें आवेदन
स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवार को MBA कार्यक्रम में प्रवेश के लिए आवेदन करना होगा। प्रवेश प्रस्ताव (Offer Letter) मिलने के बाद छात्र इंटरव्यू प्रक्रिया के दौरान स्कॉलरशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय के अनुसार आवेदन रोलिंग आधार पर स्वीकार किए जाते हैं, इसलिए सीटें भरने से पहले आवेदन करना बेहतर रहेगा।
ध्यान देने वाली बात यह है कि इस स्कॉलरशिप को यूनिवर्सिटी ऑफ केंट द्वारा दी जाने वाली किसी अन्य स्कॉलरशिप या फीस छूट के साथ एक साथ नहीं लिया जा सकता।
विदेश में MBA करने वालों के लिए बड़ा अवसर
ब्रिटेन लंबे समय से उच्च शिक्षा के लिए दुनिया के प्रमुख देशों में गिना जाता है और हर वर्ष बड़ी संख्या में भारतीय छात्र यहां MBA सहित विभिन्न प्रोफेशनल कोर्स करने पहुंचते हैं। हालांकि, विदेशी विश्वविद्यालयों की ऊंची फीस कई छात्रों के लिए चुनौती बनती है। ऐसे में 50 प्रतिशत ट्यूशन फीस छूट जैसी स्कॉलरशिप योग्य छात्रों के लिए आर्थिक बोझ कम करने का अच्छा अवसर साबित हो सकती है। जो छात्र 2026 में ब्रिटेन से MBA करने की योजना बना रहे हैं, उनके लिए यह स्कॉलरशिप kent.ac.uk एक महत्वपूर्ण विकल्प हो सकती है।











