सुलतानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा 2025 की तैयारियों में तेजी आ गई है। बोर्ड ने संकेत दिया है कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए केंद्रों की अंतिम सूची 30 दिसंबर तक जारी कर दी जाएगी। संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों को अपने संस्थान की सभी सुविधाओं का विवरण पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है। इसके बाद तहसील स्तर पर बनाई गई टीम स्कूलों का भौतिक सत्यापन करेगी।
जिले में इस बार कुल 127 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में पाँच अधिक हैं। प्रारंभिक स्तर पर 107 केंद्रों का प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन जांच और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची में 127 केंद्रों को मंजूरी दी गई है।
UPMSP ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसी विद्यालय द्वारा गलत जानकारी अपलोड की जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इधर, बोर्ड ने परीक्षा तिथि भी तय कर दी है। 10वीं और 12वीं की परीक्षाएँ 24 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेंगी। परीक्षाएँ दो पालियों में आयोजित होंगी—पहली पाली सुबह 8:30 से 11:45 तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक।







