उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार देर रात प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 23 IAS अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस लिस्ट में कई जिलों के जिलाधिकारी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं। गौतमबुद्धनगर (नोएडा), गाजियाबाद, प्रयागराज, गोरखपुर, गोंडा, कासगंज, कानपुर देहात, ललितपुर और मिर्जापुर जैसे प्रमुख जिलों के डीएम बदले गए हैं। साथ ही अयोध्या और झांसी मंडल के कमिश्नर भी बदले गए हैं।
इन जिलों में बदले गए डीएम
तबादलों की लिस्ट में कई चर्चित अफसरों के नाम हैं। नोएडा में मनीष कुमार वर्मा को जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि गाजियाबाद की कमान अब दीपक मीणा संभालेंगे। गोरखपुर के नए डीएम कृष्णा करूणेश होंगे। गोंडा की जिम्मेदारी नेहा शर्मा को दी गई है, वहीं प्रयागराज में रवीन्द्र कुमार मंदर को नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा कासगंज में मेधा रूपम, कानपुर देहात में आलोक सिंह, ललितपुर में अक्षय त्रिपाठी और मिर्जापुर में प्रियंका निरंजन को जिलाधिकारी बनाया गया है।
कमिश्नर और वरिष्ठ अधिकारियों में भी बदलाव
अयोध्या मंडल के नए कमिश्नर गौरव दयाल बनाए गए हैं। वहीं झांसी मंडल की कमान अब विमल कुमार दुबे संभालेंगे। इसके अलावा प्रमोद कुमार उपाध्याय को गन्ना आयुक्त बनाया गया है, जबकि डॉ. सारिका मोहन को बेसिक शिक्षा विभाग में सचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है।
वित्त, गृह, सतर्कता, जलापूर्ति, राज्य संपत्ति और औद्योगिक विकास जैसे अहम विभागों में भी नए सचिवों की नियुक्ति की गई है।
सरकार ने जारी की पूरी सूची
मुख्य सचिव कार्यालय से जारी आदेश में सभी अधिकारियों को जल्द से जल्द अपने नए पदस्थानों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस फेरबदल को आगामी चुनावों, प्रशासनिक सुचारू संचालन और प्रदर्शन के आधार पर लिया गया अहम निर्णय माना जा रहा है।