अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर वह ‘सही’ कदम नहीं उठाती हैं, तो उन्हें मादुरो से भी बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
America: वेनेजुएला में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को सख्त चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा कि अगर डेल्सी वेनेजुएला में 'सही' कदम नहीं उठाती हैं, तो उन्हें निकोलस मादुरो से भी बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है। ट्रंप ने वेनेजुएला के तेल संसाधनों पर अमेरिकी नियंत्रण की इच्छा जताई और यह भी संकेत दिया कि देश पर दूसरा हमला करने की योजना तैयार है।
डेल्सी रोड्रिग्ज का नया राजनीतिक रोल
डेल्सी रोड्रिग्ज 2018 से वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति रही हैं। हाल ही में वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति नियुक्त की गई हैं। अमेरिका द्वारा चलाए गए सैन्य और कूटनीतिक ऑपरेशन के बाद राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस न्यूयॉर्क की जेल में हैं। अंतरिम राष्ट्रपति बनने के बाद डेल्सी ने स्पष्ट कर दिया कि असल मायनों में वेनेजुएला की संप्रभुता और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा उनकी जिम्मेदारी होगी।
ट्रंप ने सियासी संकट के दौरान डेल्सी की सराहना की थी और उन्हें राष्ट्रपति पद संभालने की जिम्मेदारी दी। लेकिन ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अगर डेल्सी अमेरिका के सहयोगी कदम नहीं उठाएंगी, तो उन्हें मादुरो से भी बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
ट्रंप की चेतावनी और दूसरे हमले की संभावना
द अटलांटिक मैगजीन के साथ बातचीत में ट्रंप ने कहा, "अगर वे जो सही है उसे नहीं करेंगी, तो उन्हें बड़ी कीमत चुकानी होगी। शायद मादुरो से भी बड़ी।" ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका दूसरे हमले के लिए पूरी तरह तैयार है। उनके अनुसार सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, लेकिन फिलहाल इसे लागू करने की जरूरत नहीं है। ट्रंप ने यह स्पष्ट किया कि वेनेजुएला में उचित समय पर चुनाव करवाए जाएंगे और इससे पहले अमेरिका अपनी रणनीति बनाए रखेगा।

ट्रंप ने वेनेजुएला के प्राकृतिक संसाधनों पर अमेरिकी पकड़ की भी बात कही। उन्होंने कहा, "वेनेजुएला के तेल समेत अन्य संसाधनों पर अमेरिका पूरी पकड़ चाहता है। वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन के बाद जो कुछ भी होगा बेहतर होगा। इससे बुरा अब कुछ नहीं हो सकता है।"
चार देशों को दिया अल्टीमेटम
वेनेजुएला के अलावा ट्रंप ने ग्रीनलैंड, क्यूबा, कोलंबिया और मेक्सिको को भी अल्टीमेटम दिया। उन्होंने कहा कि ग्रीनलैंड को अमेरिका के नियंत्रण में लाना जरूरी है। क्यूबा के मामले में ट्रंप ने उम्मीद जताई कि देश स्वयं अमेरिका के पक्ष में झुक जाएगा और कार्रवाई की जरूरत नहीं पड़ेगी। कोलंबिया के बारे में उन्होंने कहा कि वहां की वर्तमान सरकार कमजोर है और लंबे समय तक सत्ता नहीं संभाल पाएगी। मेक्सिको के मामले में उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका को कुछ कदम उठाने होंगे।
वेनेजुएला की राजनीतिक स्थिति
वेनेजुएला में राजनीतिक और सामाजिक स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। मादुरो और उनकी पत्नी की जेल, तेल संसाधनों पर नियंत्रण की कोशिश और अंतरिम राष्ट्रपति के सामने अमेरिका की धमकी ने देश में अनिश्चितता बढ़ा दी है। डेल्सी रोड्रिग्ज को सत्ता संभालते ही यह स्पष्ट करना पड़ा कि वे देश के संसाधनों की रक्षा करेंगी और विदेशी दबाव में नहीं आएंगी।
देश में तेल उद्योग और प्राकृतिक संसाधनों की वजह से अंतरराष्ट्रीय राजनीति में वेनेजुएला हमेशा से महत्वपूर्ण रहा है। अमेरिकी और अन्य वैश्विक शक्तियों की निगाहें इन संसाधनों पर रहती हैं। ट्रंप की धमकी ने यह स्पष्ट कर दिया कि अमेरिका अभी भी वेनेजुएला के रणनीतिक फैसलों में सक्रिय भूमिका निभाने की सोच रहा है।












