Weather Alert: आज 16 राज्यों में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट, 75 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Weather Alert: IMD ने आज कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। दिल्ली, यूपी, बिहार, झारखंड समेत कई इलाकों में मौसम खराब रहने

मानसून का प्रभाव कमजोर पड़ने के बावजूद मौसम विभाग ने एक बार फिर कई राज्यों के लिए खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 8 अक्टूबर को यूपी, बिहार, दिल्ली और पश्चिम बंगाल समेत 16 राज्यों में भारी बारिश की संभावना है।

नई दिल्ली: भारत में मानसून का अंतिम दौर भले ही कमजोर पड़ गया हो, लेकिन कई हिस्सों में मौसम का मिजाज अभी भी अस्थिर बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 8 अक्टूबर के लिए देश के 16 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान पूर्वी और मध्य भारत के कई इलाकों में तेज बारिश के साथ वज्रपात की स्थिति बन सकती है। पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है। किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि तेज हवाओं और बारिश से कुछ इलाकों में फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

इन 16 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट

8 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश की तीव्रता और हवा की गति अलग हो सकती है। पूर्वी भारत में आंधी और बिजली गिरने का खतरा विशेष रूप से बना हुआ है।

मौसम में बदलाव की वजह क्या है?

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिणी तटीय ओडिशा और उससे लगे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा दक्षिणी हरियाणा, दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु के ऊपर भी ऊपरी हवा में परिसंचरण की स्थिति बनी हुई है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से कई राज्यों में नमी बढ़ सकती है और बादल बनने के साथ तेज बारिश तथा आंधी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 8 अक्टूबर को बारिश और आंधी की संभावना है। इस दौरान करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश में कई जिलों में बारिश

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, बिजनौर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बरेली, पीलीभीत, सीतापुर, बहराइच, प्रयागराज, गोरखपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, आजमगढ़ और मैनपुरी समेत कई क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है। यहां हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

बिहार और झारखंड में भी तेज बारिश

बिहार के पश्चिमी चंपारण, गया, पटना, भोजपुर, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, भागलपुर और किशनगंज समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। पटना में अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

झारखंड में धनबाद, बोकारो, पलामू, गुमला, जमशेदपुर, पश्चिमी सिंहभूम, दुमका, देवघर और हजारीबाग समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। रांची में अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

Leave a comment