Weather Alert: यूपी-बिहार से दिल्ली और MP तक भारी बारिश का अलर्ट, कई राज्यों में आंधी-वज्रपात की चेतावनी

Weather Alert: IMD ने 25 अगस्त को यूपी, बिहार, दिल्ली और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में तेज

देश के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है और मंगलवार, 25 अगस्त को कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में 25-26 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि छत्तीसगढ़ में 25 अगस्त को भारी बारिश की आशंका है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी आज भारी बारिश का अलर्ट है।

Weather Update: देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं, दिल्ली-NCR में भी मंगलवार को बारिश होने की संभावना जताई गई है। पहाड़ी राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा भी बना रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, 25 से 28 अगस्त के बीच देश के कई हिस्सों में व्यापक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में स्थानीय प्रशासन और मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखना जरूरी है।

दिल्ली-NCR में बारिश का अनुमान

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज बारिश की संभावना भी जताई गई है। तापमान लगभग 26 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बारिश के कारण दिल्ली में ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरलाइन से अपनी उड़ान का स्टेटस पहले जांच लें।

मध्य प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट

मध्य प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने बैतूल, दमोह, टीकमगढ़, राजगढ़ और नरसिंहपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी बारिश की संभावना है। राज्य के अन्य हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 25 और 26 अगस्त को कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है।

बिहार में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मंगलवार को लखीसराय, मधुबनी, भागलपुर, किशनगंज, पूर्णिया, बेगूसराय, वैशाली, जहानाबाद, सिवान, दरभंगा और बक्सर में तेज बारिश की संभावना बताई गई है। लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों से बचने की सलाह दी गई है।

उत्तर प्रदेश में भी मौसम रहेगा खराब

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात का खतरा बना हुआ है। वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, बलिया, प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, बांदा, हमीरपुर और झांसी में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। वहीं कानपुर, लखनऊ, उन्नाव, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, अयोध्या, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, सीतापुर और बहराइच समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है।

पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश और भूस्खलन का खतरा

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 25 से 28 अगस्त के बीच भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, सड़क बाधित होने और अचानक जलस्तर बढ़ने का खतरा रह सकता है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी इस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। पंजाब में भी 25 से 28 अगस्त के बीच कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, ओडिशा में 25 से 28 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

पश्चिमी तट पर कोंकण-गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल, माहे और लक्षद्वीप में व्यापक बारिश का अनुमान है। गुजरात, महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत में तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है।

Leave a comment