‘बिग बॉस 20’ के बीते वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान खान ने घरवालों को सलाह दी थी कि उन्हें शो में अपनी मौजूदगी दर्ज करानी होगी, क्योंकि कई सदस्य उतने नजर नहीं आ रहे हैं, जितना उन्हें दिखना चाहिए। आज के एपिसोड में भी सलमान ने कुछ घरवालों की क्लास लगाई।
Bigg Boss 20 Weekend Ka Vaar: टीवी के चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में वीकेंड का वार एक बार फिर मनोरंजन और घरवालों की खिंचाई से भरपूर रहा। सलमान खान ने जहां कंटेस्टेंट्स को उनके खेल और स्क्रीन पर मौजूदगी को लेकर समझाया, वहीं सिंगर मीका सिंह की एंट्री ने पूरे माहौल को और मजेदार बना दिया।
मीका सिंह ने अपने लोकप्रिय गानों पर घरवालों को डांस कराया और उनके साथ कई मजेदार पल साझा किए। एपिसोड में एक ऐसा टास्क भी हुआ, जिसमें घरवालों को यह बताना था कि वे किस कंटेस्टेंट को म्यूट करना चाहते हैं।
सलमान खान ने घरवालों को फिर दी सलाह
वीकेंड का वार की शुरुआत सलमान खान के साथ हुई। उन्होंने घरवालों के गेम और उनकी स्क्रीन प्रेजेंस पर बात की। पिछले एपिसोड में भी सलमान ने कुछ कंटेस्टेंट्स को यह समझाने की कोशिश की थी कि रियलिटी शो में अपनी पहचान और व्यक्तित्व को खुलकर सामने रखना जरूरी है। इस बार भी उन्होंने कुछ सदस्यों को उनके व्यवहार और गेम को लेकर फीडबैक दिया। सलमान की बातचीत के बाद शो में मीका सिंह की एंट्री हुई। उनके आते ही घर का माहौल बदल गया और कंटेस्टेंट्स ने उनके गानों पर जमकर डांस किया।
मीका सिंह के गानों पर झूमे घरवाले

मीका सिंह ने अपने गानों से ‘बिग बॉस 20’ के घर में खूब रंग जमाया। उनके गाने सुनकर घरवाले भी डांस करने से खुद को रोक नहीं पाए। खास तौर पर गुल्लू और लव की जोड़ी ने ‘तैनू मैं लव करदा’ पर साथ में डांस किया। दोनों की परफॉर्मेंस देखकर घर के बाकी सदस्यों ने तालियां बजाईं और उनका उत्साह बढ़ाया।
मीका सिंह ने इसके बाद घरवालों से बातचीत की और कई कंटेस्टेंट्स को लेकर अपनी राय भी रखी। उन्होंने काजी की तारीफ की, जबकि आसिफ के साथ मजाकिया अंदाज में खिंचाई करते हुए उन्हें अपनी बातों के लिए घेरा।
किस कंटेस्टेंट को किसने कराया म्यूट?
एपिसोड में इसके बाद एक दिलचस्प टास्क कराया गया। इसमें हर कंटेस्टेंट को यह चुनना था कि वह घर में किस सदस्य को ‘म्यूट’ करना चाहता है। इस टास्क के दौरान कई कंटेस्टेंट्स ने एक-दूसरे के नाम लिए और घर के अंदर चल रही समीकरणों की झलक भी देखने को मिली। स्काउट ने काजी को म्यूट करने के लिए चुना, जबकि यंग ने माही का नाम लिया। आसिफ ने लव को म्यूट करने की इच्छा जताई। वहीं माही ने यंग का नाम लिया। काजी ने स्काउट को चुना और अरिश्फा ने भी काजी का नाम लिया।
उदिति और अमन ने लव को म्यूट करने के लिए चुना। गुल्लू ने अरिश्फा का नाम लिया। कनिका ने काजी को निशाना बनाया, जबकि मेरी कॉम ने माही का नाम लिया। आम्रपाली ने भी काजी को म्यूट करने के लिए चुना। दूसरी ओर लव ने अमन का नाम लिया।
मीका सिंह ने आम्रपाली से जुड़ा किस्सा छेड़ा
टास्क के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा उस समय हुई जब मीका सिंह ने आम्रपाली से जुड़ी एक पुरानी घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आम्रपाली ने घर में किसी के सिर से जुएं निकालने का काम किया था और यह पूरा मामला दर्शकों ने भी देखा था। मीका सिंह के इस जिक्र के बाद घर में मौजूद कंटेस्टेंट्स के बीच माहौल कुछ देर के लिए मजेदार हो गया।
इस दौरान मीका सिंह ने अलग-अलग घरवालों के लिए गाने भी चुने और अपने अंदाज में उनकी शख्सियत पर टिप्पणी की। उनके इस सेगमेंट ने वीकेंड का वार को मनोरंजन से भर दिया।











