Women’s Asia Cup 2026: भारत ने थाईलैंड को 94 रन से हराया, शेफाली वर्मा का रिकॉर्ड अर्धशतक

Women’s Asia Cup 2026 में भारत ने थाईलैंड को 94 रन से हराकर शानदार आगाज किया। शेफाली वर्मा ने रिकॉर्ड अर्धशतक जड़कर जीत में अहम भूमिका निभाई। जानें मैच का...

महिला एशिया कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया है। दुबई में खेले गए मुकाबले में भारत ने थाईलैंड को 94 रनों से हराया।

India vs Thailand: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला एशिया कप 2026 में शानदार अंदाज में अपने अभियान की शुरुआत की है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने अपने पहले मुकाबले में थाईलैंड को 94 रनों के बड़े अंतर से हराकर टूर्नामेंट में मजबूत जीत दर्ज की। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए, जिसके जवाब में थाईलैंड की पूरी टीम केवल 65 रन पर सिमट गई।

भारत की इस प्रभावशाली जीत की सबसे बड़ी स्टार युवा सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा रहीं, जिन्होंने तेजतर्रार अर्धशतक लगाकर एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। उनकी शानदार पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा और नंदनी शर्मा ने तीन-तीन विकेट लेकर थाईलैंड की बल्लेबाजी को पूरी तरह दबाव में रखा।

शेफाली वर्मा ने खेली 64 रन की विस्फोटक पारी

मैच में थाईलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम को शुरुआत में स्मृति मंधाना के रूप में झटका लगा। मंधाना 10 गेंदों पर 19 रन बनाकर रन आउट हो गईं। इसके बाद शेफाली वर्मा ने टीम की पारी को संभालने के साथ-साथ तेजी से रन भी बनाए। उन्होंने प्रतिका रावल के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। प्रतिका रावल 22 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर भी इस मुकाबले में बड़ी पारी नहीं खेल सकीं और नौ गेंदों में पांच रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।

हालांकि, शेफाली ने एक छोर संभाले रखा और आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने केवल 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो महिला एशिया कप के इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतकों में शामिल है। शेफाली वर्मा ने 36 गेंदों में 64 रन बनाए। उनकी पारी में आठ चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उन्होंने 177 से अधिक के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

भारत ने बनाया 159 रन का लक्ष्य

भारतीय बल्लेबाजों की आक्रामक शुरुआत और शेफाली की शानदार पारी की बदौलत टीम इंडिया ने थाईलैंड के सामने 159 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। महिला क्रिकेट में तेजी से रन बनाने वाली भारतीय बल्लेबाजी का यह प्रदर्शन टूर्नामेंट के आगे के मुकाबलों के लिए भी सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।हालांकि भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर और कुछ अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन टीम ने सामूहिक प्रदर्शन के दम पर ऐसा स्कोर खड़ा किया, जिसे हासिल करना थाईलैंड के लिए बेहद मुश्किल साबित हुआ।

Women’s Asia Cup 2026: भारत ने थाईलैंड को 94 रन से हराया, शेफाली वर्मा का रिकॉर्ड अर्धशतक

भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से बनाया दबाव

लक्ष्य का पीछा करने उतरी थाईलैंड की टीम को भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव में रखा। पहले ही ओवर में क्रांति गौड़ ने भारत को सफलता दिलाई और नट्टकान चंतम को चार रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। इसके बाद नंदनी शर्मा ने फणीता माया को आउट कर थाईलैंड को दूसरा झटका दिया। पावरप्ले के दौरान श्री चरणी ने भी शानदार गेंदबाजी की और अफिसारा सुवानचोनराथी तथा चनिदा सुथिरुआंग को पवेलियन भेज दिया।

थाईलैंड की बल्लेबाजी भारतीय गेंदबाजों के लगातार दबाव से उबर नहीं सकी। टीम के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे और रन गति भी बेहद धीमी रही।

दीप्ति और नंदनी ने झटके तीन-तीन विकेट

अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने थाईलैंड की बल्लेबाजी को बड़ा नुकसान पहुंचाया। उन्होंने तीन विकेट हासिल किए और विपक्षी टीम के मध्यक्रम को संभलने का मौका नहीं दिया। दीप्ति ने नाओमि कनोकपोर्न हैमिल्टन को एलबीडब्ल्यू आउट किया और इसके बाद नन्नाफट चैहान को खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया। थाईलैंड की आधी टीम 44 रन के भीतर आउट हो चुकी थी।

दूसरी ओर, नंदनी शर्मा ने भी तीन विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 15वें ओवर में लगातार गेंदों पर सुलेपॉर्न लेओमी और सुनीदा चतुरंगरत्न को आउट कर थाईलैंड की उम्मीदों को लगभग खत्म कर दिया। श्री चरणी ने भी दो विकेट लिए, जबकि एक बल्लेबाज रन आउट हुआ। थाईलैंड की ओर से नन्नापट कोंचारोएनकाई ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। पूरी थाई टीम 65 रन पर ऑलआउट हो गई।

दीप्ति शर्मा का 150वां T20 इंटरनेशनल

यह मुकाबला भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के करियर का 150वां T20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी था। इसके साथ ही वह भारत के लिए 150 या उससे अधिक महिला T20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने वाली तीसरी क्रिकेटर बन गईं। इस सूची में उनसे आगे केवल स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर हैं। अपने इस ऐतिहासिक मैच में दीप्ति ने तीन विकेट लेकर उपलब्धि को और खास बना दिया।

Leave a comment