WPL 2026: RCB ने फाइनल में बनाई जगह, UP Warriors की प्लेऑफ उम्मीदें लगभग खत्म

WPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में एंट्री कर ली है, जबकि UP Warriors की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग समाप्त

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। यूपी वॉरियर्स के खिलाफ सीजन के 18वें मैच में आरसीबी ने 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।

स्पोर्ट्स न्यूज़:  विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) विमेंस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीधे फाइनल में प्रवेश कर लिया है। यूपी वॉरियर्स के खिलाफ खेले गए लीग स्टेज के आखिरी मुकाबले में आरसीबी ने 8 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही यूपी वॉरियर्स की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग समाप्त हो गई हैं।

यह मुकाबला लीग का 18वां मैच था, जिसमें आरसीबी ने अपने आठ मैचों में कुल 12 अंक हासिल कर लिए हैं। मौजूदा अंक तालिका के अनुसार अब कोई भी अन्य टीम 10 अंकों से आगे नहीं बढ़ सकती, जिससे आरसीबी का टेबल टॉपर रहते हुए सीधे फाइनल में पहुंचना तय हो गया है। WPL के फॉर्मेट के अनुसार, अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम को फाइनल में सीधी एंट्री मिलती है।

यूपी वॉरियर्स की अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ाई पारी

पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी वॉरियर्स की शुरुआत मजबूत रही। कप्तान मेग लैनिंग और दीप्ति शर्मा की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 8.1 ओवरों में 74 रन जोड़े। लैनिंग ने 30 गेंदों पर 41 रन बनाए, जिसमें एक छक्का और छह चौके शामिल थे। उनके आउट होने के बाद दीप्ति शर्मा ने पारी को संभालने की कोशिश की।

दीप्ति ने 43 गेंदों पर 55 रनों की अहम पारी खेली, जिसमें एक छक्का और छह चौके शामिल थे। हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से अपेक्षित समर्थन नहीं मिल सका। हरलीन देओल ने 14 रन और सिमरन शेख ने 10 रन का योगदान दिया। यूपी वॉरियर्स की टीम आखिरी ओवरों में दबाव में आ गई और पारी की अंतिम 7 गेंदों में अपने 3 विकेट गंवा बैठी। टीम निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट पर 143 रन ही बना सकी।

आरसीबी की गेंदबाजी बेहद प्रभावशाली रही। नादिन डी क्लार्क ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं ग्रेस हैरिस ने 2 विकेट लिए। इसके अलावा लॉरेन बेल और श्रेयंका पाटिल को 1-1 सफलता मिली।

स्मृति मंधाना और ग्रेस हैरिस की तूफानी साझेदारी

143 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को ग्रेस हैरिस और स्मृति मंधाना ने आक्रामक शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पावरप्ले में ही 63 रन जोड़ दिए और यूपी वॉरियर्स की गेंदबाजी पर पूरी तरह दबाव बना दिया। ग्रेस हैरिस ने 7वें ओवर की पहली गेंद पर अपनी फिफ्टी पूरी की और केवल 28 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। स्मृति मंधाना और हैरिस के बीच 108 रनों की साझेदारी हुई, जो 55 गेंदों में पूरी हुई। यह साझेदारी मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुई।

हैरिस को शिखा पांडे ने आउट किया, लेकिन तब तक वह अपना काम कर चुकी थीं। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ने 37 गेंदों पर 75 रन बनाए, जिसमें 13 चौके और 2 छक्के शामिल थे। ग्रेस हैरिस के आउट होने के बाद स्मृति मंधाना ने जिम्मेदारी संभाली और बिना किसी दबाव के बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। 14वें ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर स्मृति ने आरसीबी को फाइनल में पहुंचा दिया।

स्मृति मंधाना ने 27 गेंदों पर 54 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। आरसीबी ने लक्ष्य को महज 13.1 ओवरों में हासिल कर लिया और टूर्नामेंट में अपनी सबसे प्रभावशाली जीत दर्ज की।

Leave a comment