ग्वालियर में प्रेमिका की शादी तय होने पर नाराज युवक ने निशा कुशवाह की हंसिए से गला काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी फरार हुआ। पुलिस ने 22 जनवरी को समीर कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया।
Madhya Pradesh: ग्वालियर के गिरवाई थाना क्षेत्र की निशा कुशवाह (21) और समीर कुशवाह बचपन के दोस्त थे। करीब ढाई साल पहले उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई थी। दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें भी खाई थीं।
हालांकि, निशा के माता-पिता ने उसकी शादी किसी और से तय कर दी। समीर बेरोजगार था और परिजन उसे पसंद नहीं करते थे। शादी की तारीख 20 अप्रैल तय की गई। समीर लगातार निशा से बात करने की कोशिश करता रहा, लेकिन वह उसे नजरअंदाज कर देती थी। इससे समीर का गुस्सा बढ़ गया।
शादी रोकने की कोशिश
समीर ने निशा की शादी रोकने के लिए मोहल्ले में उसकी बदनामी की और मंगेतर को भी फोन कर अपने अफेयर की जानकारी दी। इसके बाद भी शादी नहीं टूटी तो उसने मंगेतर को धमकी दी कि अगर बारात लेकर आया तो गोली मार देगा।
हत्या का दिन
![]()
20 जनवरी को निशा घर में अकेली थी। भाभी अपने बेटे को टीका लगवाने आंगनवाड़ी गई थी। इसी दौरान समीर बाउंड्री वॉल फांदकर घर में घुस गया। उसने निशा का हाथ पकड़कर उससे शादी करने की गुहार लगाई, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया।
गुस्से में समीर ने पास पड़े हंसिए से निशा के गले पर दो बार वार किया। निशा खून से लथपथ होकर तड़पने लगी। समीर ने पत्थर उठाकर उसके सिर पर भी हमला किया। हत्या के बाद वह बाइक से फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
हत्या के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से अहम सबूत जुटाए। जांच में पता चला कि युवती के साथ अत्यधिक क्रूरता हुई थी। आरोपी का मोबाइल उसके भाई के पास मिला।
पुलिस ने समीर को घेराबंदी कर 22 जनवरी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने हत्या की पूरी कहानी स्वीकार कर ली। सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि आरोपी ने स्वीकार किया है कि प्रेमिका की बेरुखी और शादी कहीं और तय होने से नाराज होकर उसने हत्या की।












