Chicago

Stock Market Update: भारत-पाक तनाव से बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 880 अंक नीचे

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के कारण 9 मई को भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट आई। सेंसेक्स 880 अंक गिरकर 79,454.47 पर बंद हुआ, निफ्टी 24,008 पर रहा।

Closing Bell: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर शुक्रवार, 9 मई को भारतीय शेयर बाजार पर साफ देखने को मिला। प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में बड़ी गिरावट आई। सेंसेक्स 880 अंक गिरकर 79,454.47 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 265.80 अंक गिरकर 24,008 पर बंद हुआ।

क्यों गिरे शेयर बाजार?

मार्केट विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव का असर शेयर बाजार पर पड़ा है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि सेंसेक्स और निफ्टी में लोअर सर्किट तक गिरावट की संभावना नहीं है।

सेंसेक्स में बड़ी गिरावट, निफ्टी पर भी दबाव

बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 1300 अंक से अधिक गिरकर 78,968.34 पर ओपन हुआ, जो दिन का सबसे निचला स्तर रहा। बाद में, यह 880.34 अंक (1.10%) की गिरावट के साथ 79,454.47 पर बंद हुआ।

वहीं, निफ्टी 50 भी 23,935.75 पर खुला और 265.80 अंक की गिरावट के साथ 24,008 पर बंद हुआ।

टॉप लूज़र्स और गेनर्स

सेंसेक्स की कंपनियों में ICICI बैंक, पावर ग्रिड, और अल्ट्राटेक सीमेंट जैसे शेयर सबसे ज्यादा गिरावट में रहे। वहीं, Titan का शेयर कमजोर बाजार के बावजूद 4% चढ़ा, और टाटा मोटर्स, एलएंडटी, एसबीआई और एशियन पेंट्स भी लाभ में रहे।

क्या आगे और गिरावट आ सकती है?

मार्केट एनालिस्ट अम्बरीश बालिगा के मुताबिक, यदि पाकिस्तान के साथ तनाव बढ़ता है, तो निफ्टी में 500 अंक और सेंसेक्स में 2500 से 3000 अंक तक गिरावट हो सकती है। हालांकि, सरकार का कोई आधिकारिक बयान स्थिति को बदल सकता है और निवेशकों का मनोबल बढ़ा सकता है।

विशेषज्ञों की राय

अल्फानिटी फिनटेक के को-फाउंडर यू. आर. भट ने कहा कि भारत-पाक तनाव के चलते शेयर बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है, जिससे निफ्टी में 5% तक और गिरावट देखने को मिल सकती है।

Leave a comment