RBI का तोहफा! होम और कार लोन होंगे सस्ते, EMI में मिलेगी राहत

RBI का तोहफा! होम और कार लोन होंगे सस्ते, EMI में मिलेगी राहत
अंतिम अपडेट: 07-02-2025

RBI की ब्याज दर कटौती से होम और कार लोन सस्ते होंगे। फ्लोटिंग रेट लोन की EMI घटेगी। बजट में 12 लाख तक की आय टैक्स फ्री होने के बाद यह दूसरी राहत है।

Repo Rate: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने आम जनता को बड़ी राहत देते हुए नीतिगत ब्याज दरों (Repo Rate) में कटौती की है। करीब पांच साल बाद, आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने इस फैसले को मंजूरी दी। नए गवर्नर संजय मल्होत्रा की अगुआई में हुई इस बैठक में रेपो रेट में 0.25% की कमी की गई, जिससे यह 6.50% से घटकर 6.25% हो गया।

ब्याज दरों में कटौती से कैसे मिलेगा फायदा?

RBI की ओर से ब्याज दरों में कटौती करने के बाद अब होम लोन, कार लोन और अन्य लोन भी सस्ते हो जाएंगे। जिन लोगों ने फ्लोटिंग रेट पर लोन लिया है, उनकी मासिक किस्त (EMI) में भी कमी आएगी।

सरकार ने हाल ही में केंद्रीय बजट में 12 लाख रुपये तक की सालाना आय को टैक्स फ्री करने का ऐलान किया था। इसके बाद, यह फरवरी 2025 में आम जनता के लिए दूसरी बड़ी राहत मानी जा रही है।

RBI के फैसले से कैसे सस्ता होगा लोन?

बैंक आम जनता को लोन देने के लिए RBI से कर्ज लेते हैं। आरबीआई उन्हें जिस दर पर पैसा देता है, उसे रेपो रेट कहते हैं। जब रेपो रेट कम होता है, तो बैंकों को सस्ता कर्ज मिलता है और वे ग्राहकों को भी कम ब्याज दर पर लोन दे सकते हैं।

इस बार रेपो रेट 0.25% घटने से बैंकों को कम ब्याज पर लोन मिलेगा, जिससे वे आम ग्राहकों के लिए भी लोन की दरें कम करेंगे। इससे होम लोन, कार लोन और पर्सनल लोन लेना सस्ता हो जाएगा और लोगों की EMI में भी कमी आएगी।

आखिरी बार कब घटी थी ब्याज दर?

आरबीआई ने इससे पहले मई 2020 में कोरोना महामारी के दौरान रेपो रेट में 0.40% की कटौती की थी, जिससे यह 4% पर आ गई थी। लेकिन रूस-यूक्रेन युद्ध और वैश्विक अनिश्चितता के चलते RBI ने ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर दी थी। फरवरी 2023 में यह बढ़ोतरी का सिलसिला रुका, और तब से अब तक कोई बदलाव नहीं हुआ था।

Leave a comment