मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को लुधियाना वेस्ट उपचुनाव के तहत जवाहर कैंप में आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी संजीव अरोड़ा के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी भारत भूषण आशु पर तीखा हमला बोला।
लुधियाना: पंजाब की सियासत में गर्मी उस वक्त और बढ़ गई जब मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लुधियाना वेस्ट विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान एक विवादास्पद बयान दे डाला। उन्होंने विरोधी दलों पर मतदाताओं को पैसे देकर वोट खरीदने का आरोप लगाया और जनता से कहा कि अगर कोई वोट खरीदने आए तो पैसा ले लेना, लेकिन वोट आम आदमी पार्टी (आप) को देना। यह बयान अब सियासी हलकों में चर्चा का केंद्र बन गया है।
शनिवार को लुधियाना के जवाहर कैंप में आयोजित एक जनसभा में भगवंत मान आप के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे थे। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी भारत भूषण आशु पर सीधे हमला बोला और उन्हें "महिलाओं की इज्जत न करने वाला" नेता बताया। उन्होंने कहा, एक समय था जब आशु ने एक महिला प्रिंसिपल को सार्वजनिक मंच पर अपमानित किया था। ये दर्शाता है कि वह महिलाओं के सम्मान को लेकर कितने गंभीर हैं।
घर आई लक्ष्मी को कोई लौटाता नहीं – सीएम मान
सीएम मान का बयान “घर आई लक्ष्मी को कोई वापस नहीं करता” तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उन्होंने मतदाताओं से कहा, कांग्रेस या अन्य विरोधी दल आपके पास वोट खरीदने के लिए पैसे लेकर आएंगे। आप पैसे ले लेना, लेकिन वोट हमारी पार्टी 'झाड़ू' को देना। उन्होंने कहा कि यह पैसा सरकारी खजाने का है, जो नेताओं ने पहले से ही लूटा हुआ है। अब वो चुनाव में वापस बांट रहे हैं।
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनता के विवेक पर भरोसा है और लोग सही फैसला करेंगे। भगवंत मान ने यह अपील खास तौर पर महिलाओं से की। उन्होंने कहा, महिलाएं घर को अच्छे से चला सकती हैं, तो सरकार को भी चला सकती हैं। इसलिए महिलाओं को चुनावी प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।
कांग्रेस प्रत्याशी पर निशाना
मान ने कांग्रेस प्रत्याशी भारत भूषण आशु को लेकर कहा कि वे सत्ता में रहकर अहंकारी हो गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि जब आशु मंत्री थे, तब उन्होंने जनता की समस्याओं को कभी गंभीरता से नहीं लिया। इसके विपरीत आप प्रत्याशी संजीव अरोड़ा को सौम्य और संवेदनशील बताते हुए मान ने कहा कि वे जनता के हर मुद्दे को गंभीरता से लेंगे और विधानसभा में आवाज उठाएंगे।
सीएम मान ने अपने भाषण में जालंधर उपचुनाव का भी जिक्र किया और कहा कि वहाँ पर उन्होंने जनता की मांगों पर तत्काल कार्रवाई की थी। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, जालंधर में मोहिंदर भगत लोगों की मांगों को कागज पर लिखते थे और मैं उन पर हस्ताक्षर करता था। अब लुधियाना में भी यही होगा – अरोड़ा जनता की मांगें लिखकर लाएंगे और मैं फौरन उस पर हस्ताक्षर करूंगा।
ईवीएम में 'पहले नंबर' की रणनीति भी बताई
मान ने लोगों को बताया कि इस बार ईवीएम मशीन में आम आदमी पार्टी का बटन सबसे पहले नंबर पर है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि सुबह 7 बजे ही वोट डालने निकलें और पहले नंबर पर 'झाड़ू' को वोट देकर लोकतंत्र की सफाई में योगदान दें। सीएम मान के इस बिंदास और विवादित बयान से जहां आम आदमी पार्टी के समर्थकों में उत्साह दिखा, वहीं विपक्ष ने इस पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस की तरफ से बयान आने की संभावना जताई जा रही है।