हॉलीवुड इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेता रिचर्ड चेम्बरलेन, जिन्हें 'किंग ऑफ मिनी-सीरीज' कहा जाता था, का 90 साल की उम्र में निधन हो गया। रिचर्ड का निधन 29 मार्च को हवाई में हुआ, जहां वह स्ट्रोक का शिकार हो गए।
Richard Chamberlain Death: हॉलीवुड इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेता रिचर्ड चेम्बरलेन (Richard Chamberlain) का 90 साल की उम्र में निधन हो गया है। छह दशकों तक अपने बेहतरीन अभिनय से दुनिया भर के दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले रिचर्ड ने 29 मार्च को आखिरी सांस ली।
रिचर्ड चेम्बरलेन को "मिनी सीरीज के किंग" के नाम से जाना जाता था। उनकी अदाकारी ने न सिर्फ अमेरिकी सिनेमा बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लोगों को प्रभावित किया। उनके निधन की खबर उनके प्रचारक हरलान बोल ने साझा की। रविवार को हरलान ने जानकारी दी कि रिचर्ड का निधन स्ट्रोक के चलते हुआ।
टीवी और सिनेमा में रिचर्ड का अभूतपूर्व योगदान
रिचर्ड चेम्बरलेन का करियर छह दशकों से अधिक समय तक चला। 60 के दशक में, वह अमेरिकी टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय चेहरों में से एक थे। उनके करियर की शुरुआत टीवी सीरीज़ 'डॉ. किल्डेयर' (1961) से हुई, जिसमें उन्होंने डॉ. जेम्स किल्डेयर का किरदार निभाया। इस भूमिका ने उन्हें रातोंरात टीन आइडल बना दिया और वह 60 के दशक के 'क्रश' बन गए।
'किंग ऑफ मिनी-सीरीज' का खिताब
रिचर्ड चेम्बरलेन को मिनी-सीरीज का किंग कहा जाता है। उन्होंने 'सेंटेनियल', 'शोगुन' (1980), और 'द थॉर्न बर्ड्स' जैसी लोकप्रिय मिनी-सीरीज में अभिनय किया। उनकी अदाकारी ने दर्शकों के दिलों में गहरी छाप छोड़ी। इसके अलावा, उन्होंने मस्कटियर्स फिल्म ट्रिलॉजी - 'द थ्री मस्कटियर्स' (1973), 'द फोर मस्कटियर्स' (1974), और 'द रिटर्न ऑफ द मस्कटियर्स' (1989) में अरामिस की भूमिका निभाई।
रिचर्ड चेम्बरलेन ने 1988 में टेलीविजन फिल्म 'द बॉर्न आइडेंटिटी' में जेसन बॉर्न का किरदार निभाया। यह किरदार बाद में बड़े पर्दे पर मैट डेमन ने निभाया, लेकिन चेम्बरलेन इस भूमिका को निभाने वाले पहले अभिनेता थे।
अवॉर्ड्स और सम्मान
रिचर्ड चेम्बरलेन को उनके करियर के दौरान कई पुरस्कार मिले। उन्होंने तीन गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स जीते और तीन बार गोल्डन एप्पल अवॉर्ड्स से सम्मानित हुए। इसके अलावा, वह एक बार ग्रैमी के लिए नामांकित और तीन बार एमी अवॉर्ड्स के लिए नामांकित हुए। रिचर्ड चेम्बरलेन आखिरी बार 83 साल की उम्र में फिल्म 'नाइटमेयर सिनेमा' (2018) में दिखाई दिए। इसमें उन्होंने डॉ. मिरारी की भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, उन्होंने डेविड लिंच के पॉपुलर शो 'ट्विन पीक्स' में भी काम किया।
रिचर्ड चेम्बरलेन के निधन से हॉलीवुड इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों में शोक की लहर है। 60 साल के बेहतरीन करियर के बाद उनका जाना फिल्मी दुनिया के लिए बड़ी क्षति है। उनके फैंस और साथी कलाकार सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। रिचर्ड चेम्बरलेन का योगदान और उनकी अदाकारी हमेशा सिनेमा प्रेमियों के दिलों में जीवित रहेगी। 'किंग ऑफ मिनी-सीरीज' के रूप में उनकी पहचान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।