Haryana Budget 2025: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बड़ा दांव, पहले पूर्णकालिक बजट में किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए खास योजनाएं

Haryana Budget 2025: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बड़ा दांव, पहले पूर्णकालिक बजट में किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए खास योजनाएं
अंतिम अपडेट: 15 घंटा पहले

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने पहले पूर्णकालिक बजट को लेकर बड़े संकेत दिए हैं। सरकार करीब 2 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश करने की तैयारी कर रही हैं।

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने पहले पूर्णकालिक बजट को लेकर बड़े संकेत दिए हैं। सरकार करीब 2 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश करने की तैयारी कर रही है, जिसमें गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए कई अहम घोषणाएं हो सकती हैं। राज्य की वित्तीय व्यवस्था को संतुलित रखने के लिए राजस्व खर्च में कटौती और पूंजीगत व्यय को प्राथमिकता देने की रणनीति अपनाई जाएगी।

चार प्रमुख क्षेत्रों पर रहेगा फोकस

सरकार इस बजट को विकासपरक बनाने के लिए चार प्रमुख क्षेत्रों पर फोकस कर रही है। इनमें अंत्योदय, किसान कल्याण, युवा सशक्तीकरण और महिला उत्थान को प्रमुखता दी गई है। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि उनकी सरकार 'नॉन-स्टॉप हरियाणा' के संकल्प को पूरा करने के लिए ठोस कदम उठाएगी।

1. गरीबों और बुजुर्गों के लिए राहत भरी योजनाएं

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का विस्तार किया जाएगा।
गरीब महिलाओं को 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देने की योजना जारी रहेगी।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सस्ते आवास देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बुजुर्गों की पेंशन बढ़ाने पर भी सरकार विचार कर रही है।

2. किसानों के लिए बड़ा ऐलान संभव

किसानों को एमएसपी पर फसल खरीद की गारंटी मिलेगी।
बिजली सब्सिडी के तहत 7,000 करोड़ रुपये की सहायता जारी रहेगी।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार नई योजनाएं लाएगी।
गाय खरीदने पर 30,000 रुपये की सब्सिडी दी जा सकती है।
किसानों के ब्याज माफ करने पर सरकार विचार कर सकती है।

3. युवाओं को रोजगार और शिक्षा में मिलेगी सहायता

बिना पर्ची, बिना खर्ची भर्ती प्रक्रिया जारी रहेगी।
एक लाख 20 हजार अनुबंधित कर्मचारियों की नौकरियां सुरक्षित की जाएंगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में ई-लाइब्रेरी खोली जाएंगी, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी।

4. महिलाओं के लिए बड़े अवसर

सरकार 5 लाख महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने की योजना पर काम कर रही है।
5,000 महिलाओं को ‘ड्रोन दीदी’ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी संभव है।
महिलाओं को हरहित स्टोर खोलने के लिए आरक्षण दिया जा सकता है।

2025-26 का बजट होगा विकासोन्मुखी

इस बार का बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के विजन को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है। बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और महिला सशक्तिकरण को लेकर बड़ी घोषणाएं होने की उम्मीद है। सरकार का कहना है कि यह बजट हरियाणा के 2.80 करोड़ लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम करेगा।

बजट से पहले सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, जनप्रतिनिधियों और जनता से सुझाव लिए हैं, ताकि योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू किया जा सके। मुख्यमंत्री सैनी का कहना है कि यह बजट हरियाणा को तेजी से आगे ले जाने और सभी वर्गों के लोगों को लाभ देने के लिए तैयार किया गया हैं।

Leave a comment