Columbus

Jharkhand Politics: झारखंड में खत्म हुआ इंतजार, आज हेमंत सोरेन कैबिनेट का होगा विस्तार; कांग्रेस कोटे के इन मंत्रियों के नाम फाइनल

Jharkhand Politics: झारखंड में खत्म हुआ इंतजार, आज हेमंत सोरेन कैबिनेट का होगा विस्तार; कांग्रेस कोटे के इन मंत्रियों के नाम फाइनल
अंतिम अपडेट: 05-12-2024

झारखंड में इंडिया गठबंधन को बहुमत मिलने के बाद, 28 नवंबर को हेमंत सोरेन ने एक बार फिर राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के बाद से ही मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं जारी थीं। 

रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव में जीत के बाद हेमंत सोरेन ने 28 नवंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, लेकिन मंत्रिमंडल के गठन को आगे के लिए टाल दिया गया था। अब झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार का विस्तार होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सोरेन आज (गुरुवार) को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे, जिसमें नए मंत्रियों को शामिल किया जाएगा।

शपथ ग्रहण समारोह रांची स्थित राजभवन के अशोक उद्यान में आयोजित किया जाएगा, जो दोपहर 12:15 बजे से आरंभ होगा। इस संबंध में राजभवन सचिवालय ने आधिकारिक सूचना जारी कर दी है। मंत्रिमंडल के इस विस्तार के बाद सरकार के सभी विभागों को सुचारू रूप से चलाने और जनहित के कार्यों को तेजी से लागू करने की प्रक्रिया को गति मिलेगी।

राज्यपाल दिलाएंगे मंत्रियों को शपथ

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण कार्यक्रम और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बुधवार देर रात तक तैयारियां चलती रहीं। अंततः यह निर्णय लिया गया कि जिन विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जानी है, उन्हें गुरुवार सुबह फोन के माध्यम से सूचित किया जाएगा। राजभवन सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री कार्यालय से संभावित मंत्रियों के नाम देर से मिलने के कारण बुधवार रात आठ बजे कर्मियों को छुट्टी दी गई। इन कर्मियों को संभावित मंत्रियों के निमंत्रण पत्र तैयार करने के लिए देर तक रोका गया था।

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार आज राजभवन के अशोक उद्यान में मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। मंत्रिमंडल विस्तार में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) से पांच, कांग्रेस से चार और राजद से एक विधायक को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही, राज्यपाल स्टीफन मरांडी को प्रोटेम स्पीकर के रूप में भी शपथ दिलाएंगे।

स्टीफन मरांडी नवनिर्वाचित विधायकों को 9 दिसंबर से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में शपथ दिलाएंगे। यह सत्र 12 दिसंबर तक चलेगा और राज्य सरकार के एजेंडे के साथ नए विधायकों के शपथ ग्रहण की प्रक्रिया को भी पूरा किया जाएगा।

कांग्रेस के ये चार मंत्री लेंगे शपथ 

झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। बुधवार शाम प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर रांची पहुंचे, जिससे मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कांग्रेस खेमे में हलचल तेज हो गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश भी दिल्ली से रांची लौट आए। दिल्ली में मंत्रिपद की संभावनाओं को लेकर लॉबिंग कर रहे विधायक भी वापस आ गए हैं।

* इरफान अंसारी

* दीपिका पांडेय सिंह

* राधाकृष्ण किशोर

* शिल्पी नेहा तिर्की 

झामुमो के ये मंत्री हो सकते है केबिनेट में शामिल 

झारखंड के मंत्रिमंडल विस्तार में राजद के चार विधायकों में से एक को मंत्री बनाया जाएगा। इस पद के लिए देवघर से विधायक सुरेश पासवान और गोड्डा से विधायक संजय प्रसाद यादव के नामों की चर्चा हो रही है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार, मंत्री बनने की दौड़ में संजय प्रसाद यादव का नाम आगे माना जा रहा हैं।

* रामदास सोरेन

* दीपक बिरुआ

* हफीजुल हसन

* सविता महतो

* अनंत प्रताप देव

Leave a comment