Columbus

IPL 2025 Points Table: डबल हेडर के बाद बड़ा उलटफेर, दिल्ली कैपिटल्स नंबर-1

IPL 2025 Points Table: डबल हेडर के बाद बड़ा उलटफेर, दिल्ली कैपिटल्स नंबर-1
अंतिम अपडेट: 23 घंटा पहले

शनिवार को हुए रोमांचक IPL 2025 डबल हेडर के बाद अंक तालिका में बड़ा बदलाव देखने को मिला। पहले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को हराया, जबकि शाम के मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को मात दी।

स्पोर्ट्स न्यूज़: आईपीएल 2025 में शनिवार को खेले गए डबल हेडर मुकाबलों ने रोमांच का नया स्तर छू लिया। पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 25 रनों से हराकर जोरदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले के हीरो रहे केएल राहुल, जिन्होंने 51 गेंदों में 77 रनों की शानदार पारी खेली और टीम को एक मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

वहीं दूसरे मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को 50 रनों से हराया। इस मैच में तेज़ गेंदबाज़ जोफ्रा आर्चर ने 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके और अपनी घातक गेंदबाज़ी के दम पर सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार अपने नाम किया।

मुकाबला 1: दिल्ली कैपिटल्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स

चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 183 रन बनाए। इस मैच के स्टार रहे केएल राहुल, जिन्होंने शानदार 77 रन (51 गेंदों में) की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने 74 रन पर 5 विकेट गंवा दिए। विजय शंकर ने 69 रन (54 गेंदों में) बनाए और महेंद्र सिंह धोनी ने 30 रन (26 गेंदों में) की धीमी पारी खेली, लेकिन टीम लक्ष्य से 25 रन पीछे रह गई।

मुकाबला 2: राजस्थान रॉयल्स बनाम पंजाब किंग्स

मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने इस मैदान का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाते हुए 205 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल (67 रन) और रियान पराग (43 रन नाबाद, 21 गेंदों में) ने शानदार पारियां खेलीं। लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स की शुरुआत खराब रही, जब पहले ही ओवर में प्रियांश आर्य और श्रेयस अय्यर आउट हो गए दोनों को जोफ्रा आर्चर ने चलता किया। 

आर्चर को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। नेहल वढेरा ने 62 रन बनाए, लेकिन टीम 155 रन पर ऑल आउट हो गई और राजस्थान को 50 रन से जीत मिली। यह पंजाब की इस सीजन की पहली हार है।

IPL 2025 अंक तालिका में बदलाव

शनिवार के मुकाबलों के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने 3 में से 3 मैच जीतकर 6 अंकों के साथ अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया है। टीम का नेट रन रेट +1.257 है, जो इसे मजबूत स्थिति में रखता है। पंजाब किंग्स, जो पहले टॉप पर थी, अब चौथे स्थान पर फिसल गई है। उसके खाते में 4 अंक हैं और नेट रन रेट +0.074 है। यह उनकी पहली हार रही।

राजस्थान रॉयल्स ने जीत के साथ 9वें से 7वें स्थान तक छलांग लगाई है। 4 में से यह उनकी दूसरी जीत है। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स की यह सीजन की तीसरी हार रही और टीम 8वें से 9वें स्थान पर खिसक गई।

IPL 2025 – टॉप 4 टीमें (6 अप्रैल तक)

दिल्ली कैपिटल्स – 6 अंक (NRR: +1.257)
RCB - 4 अंक (NRR: +1.149)
GT - 4 अंक (NRR: +0.807)
पंजाब किंग्स – 4 अंक (NRR: +0.074)

Leave a comment