मुंबई इंडियंस के खिलाफ धमाकेदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए विराट कोहली ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की। उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने 13,000 रन पूरे कर लिए हैं, और ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय बल्लेबाज़ बन गए हैं।
स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय क्रिकेट के महानायक विराट कोहली ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ धमाकेदार पारी खेलते हुए उन्होंने टी20 क्रिकेट में 13,000 रन पूरे कर लिए हैं। इस मुकाम तक पहुंचने वाले वह पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इस उपलब्धि के साथ विराट ने सिर्फ रिकॉर्ड बुक में एक और पन्ना जोड़ा नहीं, बल्कि इसे अलग ही ऊंचाई पर पहुँचा दिया, जिसे अब आने वाले वर्षों तक शायद ही कोई भारतीय बल्लेबाज़ छू सके।
403वां मैच और एक नया इतिहास
मुंबई के खिलाफ विराट ने 42 गेंदों में 67 रन की नायाब पारी खेली, जिसमें 2 शानदार छक्के और 8 आकर्षक चौके शामिल थे। पहले ही ओवर में फिल साल्ट के आउट होने के बाद उन्होंने पारी को थामते हुए देवदत्त पाडिक्कल के साथ 91 रनों की साझेदारी निभाई। इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार के साथ 48 रन जोड़े।
विराट कोहली ने यह मुकाम 403वें टी20 मैच में हासिल किया। वह टी20 में दिल्ली, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, और भारतीय टीम के लिए खेल चुके हैं। 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद भले ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय टी20 से सन्यास ले लिया हो, लेकिन लीग क्रिकेट में उनकी फॉर्म अब भी टॉप क्लास है।
भारतीय बल्लेबाजों में कोहली का दबदबा
टी20 में 13000 रन का आंकड़ा छूने वाले कोहली पहले भारतीय हैं। रोहित शर्मा इस लिस्ट में दूसरे हैं, जिनके नाम 11851 रन हैं। शिखर धवन 9000 रन के करीब हैं, लेकिन वह पहले ही आईपीएल को अलविदा कह चुके हैं। इसके बाद कोई अन्य भारतीय बल्लेबाज़ 10,000 रन तक भी नहीं पहुंच पाया है। यह आंकड़े इस बात का प्रमाण हैं कि विराट का यह रिकॉर्ड दीर्घकालिक होगा और कई सालों तक अछूता रह सकता है।
वर्ल्ड टॉप 5 में शामिल हुए कोहली
विराट कोहली अब दुनिया में टी20 के टॉप 5 रन स्कोरर्स की लिस्ट में शामिल हो गए हैं:
1. क्रिस गेल – 14562 रन
2. एलेक्स हेल्स – 13610 रन
3. शोएब मलिक – 13557 रन
4. किरॉन पोलार्ड – 13537 रन
5. विराट कोहली – 13050 रन