NASA: सुनीता विलियम्स की अंतरिक्ष वापसी पर विवाद; एलन मस्क के दावे पर NASA का पलटवार

NASA: सुनीता विलियम्स की अंतरिक्ष वापसी पर विवाद; एलन मस्क के दावे पर NASA का पलटवार
अंतिम अपडेट: 4 घंटा पहले

नासा के पूर्व उप प्रशासक ने ब्लूमबर्ग को बताया कि नासा के शीर्ष अधिकारियों को समय से पहले अंतरिक्ष में फंसे दो अमेरिकी अंतरिक्ष यात्रियों को घर लाने के लिए एलन मस्क के स्पेसएक्स से कभी कोई प्रस्ताव नहीं मिला।

नई दिल्ली: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA और स्पेसएक्स के संस्थापक एलन मस्क के बीच विवाद उस समय गहरा गया जब मस्क ने दावा किया कि नासा की नौकरशाही और राजनीतिक कारणों से अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बैरी "बुच" विल्मोर को महीनों तक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर रोके रखा गया। हालांकि, नासा के पूर्व अधिकारियों ने उनके इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया हैं।

मस्क ने किया दावा, NASA ने किया इनकार

एलन मस्क ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर कहा था कि स्पेसएक्स के पास दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को "महीनों पहले" घर लाने की योजना थी, लेकिन अमेरिकी सरकार के कारण यह संभव नहीं हो पाया। उनके मुताबिक, पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रति उनके समर्थन की वजह से जो बाइडेन प्रशासन ने इस बचाव अभियान को जानबूझकर रोका।

हालांकि, नासा के पूर्व उप प्रशासक पाम मेलरॉय ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि नासा को मस्क की ओर से ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं मिला था। मेलरॉय के मुताबिक, “यदि मस्क ने इस विषय पर किसी से चर्चा की थी, तो वह नासा के उच्च अधिकारियों में से कोई नहीं था।”

ISS पर तकनीकी खामियों से हुई देरी

सुनीता विलियम्स और बैरी विल्मोर जून में बोइंग के स्टारलाइनर कैप्सूल के जरिए ISS के लिए रवाना हुए थे। यह मिशन केवल आठ दिनों का था और इसका उद्देश्य यह जांचना था कि क्या यह वाहन सुरक्षित रूप से यात्रियों को अंतरिक्ष में ले जा सकता है। लेकिन तकनीकी खामियों के कारण ISS पर डॉकिंग के बाद उनकी वापसी में लगातार देरी होती रही।

अगस्त में, नासा ने घोषणा की कि स्टारलाइनर को पहले चालक दल के बिना पृथ्वी पर लाया जाएगा और उसके बाद स्पेसएक्स के क्रू-9 मिशन के तहत अंतरिक्ष यात्रियों को सुरक्षित वापस लाया जाएगा। अब, संभावना है कि दोनों अंतरिक्ष यात्री अगले महीने तक पृथ्वी पर लौट आएंगे।

मां बोलीं- सुनीता को कोई परेशानी नहीं

सुनीता विलियम्स की मां, बोनी पंड्या ने भी इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी अंतरिक्ष में जाने के लिए हमेशा से उत्साहित रही हैं और इतने लंबे मिशनों की आदी हैं। उन्होंने मस्क के दावों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी बेटी किसी भी तरह से "फंसी" नहीं हैं। बोनी पंड्या ने कहा, “मैं चिंतित नहीं हूं क्योंकि मैं जानती हूं कि सुनीता पूरी तरह से सुरक्षित हैं। अंतरिक्ष यात्री इस तरह की देरी के लिए मानसिक रूप से तैयार रहते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि सुनीता इस मिशन का हिस्सा बनने को लेकर गर्व महसूस कर रही हैं।

NASA बनाम मस्क: बढ़ता टकराव

यह विवाद नासा और मस्क के बीच बढ़ते टकराव को दर्शाता है। स्पेसएक्स ने हाल के वर्षों में NASA के अंतरिक्ष अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, लेकिन बोइंग के स्टारलाइनर प्रोजेक्ट को लेकर दोनों के संबंधों में तनाव बना हुआ है। नासा के अधिकारी जहां मस्क के दावों को नकार रहे हैं, वहीं मस्क प्रशासन पर राजनीतिक पूर्वाग्रह का आरोप लगा रहे हैं। इस घटनाक्रम ने अंतरिक्ष अभियानों में सरकारी और निजी संगठनों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा को एक बार फिर उजागर कर दिया हैं।

अब देखने वाली बात होगी कि आने वाले दिनों में नासा और स्पेसएक्स के संबंध किस दिशा में आगे बढ़ते हैं और सुनीता विलियम्स व बैरी विल्मोर की सुरक्षित वापसी कब सुनिश्चित की जाती हैं।

Leave a comment