Stock Market में भारी गिरावट, टॉप 10 कंपनियों को ₹3 लाख करोड़ का नुकसान, चेक करें डिटेल्स 

🎧 Listen in Audio
0:00

शेयर बाजार में गिरावट से टॉप 10 कंपनियों को ₹3 लाख करोड़ का नुकसान हुआ। TCS को सबसे बड़ा झटका लगा, जबकि HDFC बैंक और बजाज फाइनेंस की वैल्यू में बढ़ोतरी दर्ज हुई।

Stock Market: शेयर बाजार में गिरावट का दौर जारी है। लगातार पांचवें महीने बाजार कमजोरी के साथ बंद हुआ, जिससे निवेशकों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। पिछले कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन, यानी शुक्रवार को निफ्टी 420.35 अंक (1.86%) गिरकर 22,124.70 पर बंद हुआ, जबकि सेंसेक्स 1,414.33 अंक (1.89%) की गिरावट के साथ 73,198.10 के स्तर पर क्लोज हुआ। इस दौरान देश की टॉप 10 कंपनियों के संयुक्त मार्केट कैप में ₹3,09,244.57 करोड़ की गिरावट दर्ज की गई, जिसमें सबसे ज्यादा नुकसान टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) को हुआ।

TCS को सबसे बड़ा झटका

टाटा ग्रुप की प्रमुख आईटी कंपनी TCS के मार्केट कैप में सबसे बड़ी गिरावट देखी गई। कंपनी की वैल्यूएशन में ₹1,09,211.97 करोड़ की कमी आई, जिससे इसका कुल बाजार पूंजीकरण घटकर ₹12,60,505.51 करोड़ रह गया। इसके अलावा, इन्फोसिस की वैल्यू भी ₹52,697.93 करोड़ घटकर ₹7,01,002.22 करोड़ हो गई।

एयरटेल और रिलायंस इंडस्ट्रीज को नुकसान

टेक कंपनियों के अलावा अन्य सेक्टर्स की दिग्गज कंपनियां भी इस गिरावट की चपेट में आईं। भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण ₹39,230.1 करोड़ घटकर ₹8,94,993.67 करोड़ हो गया। वहीं, भारत की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) का मार्केट कैप ₹38,025.97 करोड़ गिरकर ₹16,23,343.45 करोड़ पर पहुंच गया।

SBI और ICICI बैंक की वैल्यू में गिरावट

बैंकिंग सेक्टर में भी गिरावट देखी गई। देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक SBI का बाजार पूंजीकरण ₹29,718.99 करोड़ घटकर ₹6,14,236.97 करोड़ हो गया। वहीं, ICICI बैंक की वैल्यू ₹20,775.78 करोड़ की गिरावट के साथ ₹8,49,803.90 करोड़ रह गई।

HUL और ITC को भी झटका

तेजी से ग्रोथ करने वाले FMCG सेक्टर की कंपनियों पर भी असर पड़ा। हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) का मार्केट कैप ₹11,700.97 करोड़ घटकर ₹5,14,983.41 करोड़ हो गया। वहीं, ITC की वैल्यू में ₹7,882.86 करोड़ की गिरावट दर्ज की गई, जिससे इसका कुल बाजार पूंजीकरण ₹4,93,867.57 करोड़ रह गया।

HDFC बैंक और बजाज फाइनेंस को फायदा

जहां ज्यादातर कंपनियां नुकसान में रहीं, वहीं HDFC बैंक और बजाज फाइनेंस को फायदा हुआ। HDFC बैंक का मार्केट कैप ₹30,258.49 करोड़ बढ़कर ₹13,24,411.31 करोड़ हो गया। वहीं, बजाज फाइनेंस की वैल्यू ₹9,050.24 करोड़ बढ़कर ₹5,29,516.99 करोड़ हो गई।

देश की टॉप 10 कंपनियां

शेयर बाजार में गिरावट के बावजूद, रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है। इसके बाद HDFC बैंक, TCS, भारती एयरटेल, ICICI बैंक, इन्फोसिस, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और ITC का स्थान है।

अस्वीकरण: इस लेख में निवेश विशेषज्ञों और ब्रोकिंग कंपनियों की दी गई जानकारी का उपयोग किया गया है। निवेश से जुड़ा कोई भी निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञ से सलाह लें।

Leave a comment