पिछले सप्ताह सेंसेक्स-निफ्टी में गिरावट रही। अमेरिकी फेड नीति, वैश्विक संकेत और एफआईआई गतिविधियां इस सप्ताह बाजार की दिशा तय करेंगी। 22,300 सपोर्ट और 22,630 रेजिस्टेंस स्तर रहेगा।
Stock Market Outlook: घरेलू शेयर बाजारों में बीते सप्ताह (10 मार्च से 14 मार्च) लगातार गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों में आधे फीसदी से ज्यादा की गिरावट रही। हालांकि, मार्च की शुरुआत में बाजार ने कुछ सुधार दिखाया था, लेकिन होली की छुट्टी के बाद निवेशकों की धारणा फिर कमजोर हो गई। अमेरिकी टैरिफ और अन्य देशों द्वारा जवाबी टैरिफ लगाने की आशंकाओं से वैश्विक ट्रेड वॉर की चिंताओं ने बाजार पर दबाव बढ़ा दिया।
शुक्रवार को बाजार की चाल कैसी रही?
शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में सीमित दायरे में कारोबार देखने को मिला। आईटी, ऑटो और रियल्टी शेयरों में बिकवाली के कारण बाजार लगातार पांचवें दिन गिरावट में रहा। वैश्विक ट्रेड वॉर का असर अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है, जिससे भारतीय आईटी कंपनियों के शेयरों पर भी दबाव दिखा।
- बीएसई सेंसेक्स 200.85 अंक या 0.27% की गिरावट के साथ 73,828.91 पर बंद हुआ।
- एनएसई निफ्टी 73.30 अंक या 0.33% की गिरावट के साथ 22,397.20 पर बंद हुआ।
- सप्ताह के दौरान निफ्टी 50 में 0.69% और सेंसेक्स में 0.68% की गिरावट आई।
- मिड-कैप और स्मॉल-कैप शेयरों में क्रमशः 2.2% और 3.9% की गिरावट रही।
- बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप 1,71,623 करोड़ रुपये घटकर 3,91,12,994 करोड़ रुपये रह गया।
इस सप्ताह बाजार की दिशा क्या होगी?
मास्टर ट्रस्ट ग्रुप के डायरेक्टर पुनीत सिंघानिया के मुताबिक, वैश्विक ट्रेड वॉर और अमेरिकी टैरिफ को लेकर बढ़ती चिंताओं ने निवेशकों की धारणा प्रभावित की है। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की बिकवाली भी बाजार पर दबाव बना रही है।
इस हफ्ते (17 मार्च से 22 मार्च) बाजार की दिशा कई बड़े आर्थिक घटनाक्रमों पर निर्भर करेगी:
- अमेरिकी फेडरल रिजर्व का ब्याज दर फैसला
- डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति पर अपडेट
- विदेशी निवेशकों की गतिविधियां
- घरेलू और वैश्विक आर्थिक आंकड़े
- अमेरिका और यूरोप के शेयर बाजारों के संकेत
तकनीकी आउटलुक: आगे क्या रहेगा ट्रेंड?
विश्लेषकों के मुताबिक, निफ्टी अभी भी 100-वीक ईएमए (22,000 के करीब) से ऊपर कारोबार कर रहा है, लेकिन 21-दिन के ईएमए से नीचे बना हुआ है। इसका मतलब है कि बाजार में "बढ़त पर बिकवाली" का माहौल बना रह सकता है।
सपोर्ट लेवल: 22,300, इससे नीचे जाने पर 22,000 की ओर और गिरावट संभव।
रेसिस्टेंस लेवल: 22,630, इसे पार करने पर 22,800 तक तेजी संभव।
आरएसआई इंडिकेटर: 38 के नीचे कारोबार कर रहा है, जो कमजोर ट्रेंड का संकेत देता है।