झारखंड में बढ़ रहा है चिकन पॉक्स का खतरा:जमशेदपुर के इन इलाकों में मिले मरीज, 200 से ज्यादा लोग पीड़ित

झारखंड में बढ़ रहा है चिकन पॉक्स का खतरा:जमशेदपुर के इन इलाकों में मिले मरीज, 200 से ज्यादा लोग पीड़ित
Last Updated: 18 अप्रैल 2023

झारखंड के कई जिलों में चिकन पॉक्स का खतरा बढ़ रहा है। सिमडेगा जिले के कुछ इलाकों में इसके मामले सामने आने के बाद अब जमशेदपुर के धालभूमगढ़ के नरसिंहगढ़ गांव में भी इसी तरह के मामले सामने आये हैं।

गांव में चिकन पॉक्स के मामले फैलने से लोग परेशान हैं। बुधवार की सुबह गांव जाकर मेडिकल टीम मरीजों का इलाज करेगी और गांव के लोगों से इससे बचने और सुरक्षित रहने के उपाय की जानकारी भी देगी। पिछले 20 दिनों में जिले के अलग-अलग स्थानों में चिकन पॉक्स के लगभग 200 मामले सामने आए हैं।

अंधविश्वास से फैलता है खतरा
सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी ने कहा, नरसिंहगढ़ गांव में सर्विलांस विभाग की टीम भेजी गई है। लोगों से अपील है कि चिकन पॉक्स होने के बाद वे झाड़-फूंक के चक्कर में ना पड़े, डॉक्टर से इलाज करवाएं। हर सीएचसी, पीएचसी और सरकारी अस्पाल में इसका इलाज मुफ्त हो रहा है। दूसरी तरफ डॉक्टर्स का कहना है कि इस मौसम में ऐसी बीमारी का खतरा ज्यादा रहता है।

गांव में ऐसी बीमारी को ज्यादातर लोग किसी और नजरिए से भी देखते हैं। लोगों को झाड़-फूंक के चक्कर में ना पड़ने और सही मेडिकल उपचार कराने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। गांव में अक्सर लोग झाड़ फूंक के चक्कर में फंसते हैं जिससे इसका असर और बढ़ जाता है।

 

बदलते मौसम में बढ़ता है खतरा
बदलते मौसम की वजह से कई इलाकों में चिकन पॉक्स की बीमारी होती है। हमारी कोशिश होती है कि हम ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरुक कर सकें, जिला सर्विलांस विभाग के अनुसार, अबतक चिकन पॉक्स के जितने भी मामले आए हैं, उनके मरीजों की उम्र सीमा पांच से लेकर 30 वर्ष तक की है।

आइसोलेशन में रखना जरूरी
चिकन पॉक्स होता है उन्हें अलग रहने की जरूरत है ताकि दूसरे लोगों तक यह बीमारी ना फैले। जिले में बीते 20 दिनों में चिकन पॉक्स की चपेट में करीब दो सौ लोग आ चुके हैं। पोटका के तीन टोले में एक साथ चिकन पॉक्स फैला था, जिसमें 70 लोग संक्रमित मिले थे।

क्या है लक्षण
मरीजों को बुखार, उल्टी और कमजोरी होगी। इसके साथ ही पूरे शरीर में फोड़ा निकलने शुरू हो जाते हैं। मरीज के शरीर में तेज दर्द होता है, लाल दाने निकलने लगते हैं, जिसमें पानी भर जाता है।

Leave a comment